CM के एक्शन से बदली बुजुर्ग की जिंदगी: पेंशन और राशन तुरंत मिला

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संवेदनशील और जनकेंद्रित नेतृत्व का एक और उदाहरण सामने आया है। एक वृद्ध हितग्राही की समस्या पर तुरंत संज्ञान लेते हुए शासन ने त्वरित राहत सुनिश्चित की।
गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम पथर्री निवासी भीखलु राम ध्रुव लंबे समय से पेंशन और राशन जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित थे। यह मामला मीडिया के माध्यम से सामने आने के बाद मुख्यमंत्री ने बिना देर किए तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देश मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया और प्राथमिकता के आधार पर काम शुरू किया गया। कलेक्टर बीएस उइके ने मामले को खुद देखा और संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जांच में पाया गया कि हितग्राही का ई-केवाईसी लंबित होने के कारण योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था।
प्रशासन ने तुरंत ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कराई, जिससे उन्हें फिर से सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना शुरू हो गया। साथ ही तीन माह की लंबित वृद्धावस्था पेंशन एकमुश्त दी गई।
खाद्य विभाग ने भी तत्परता दिखाते हुए घर पहुंचकर 1 क्विंटल चावल उपलब्ध कराया और अब नियमित राशन मिलने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
राहत मिलने के बाद भीखलु राम ध्रुव ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि पेंशन और राशन मिलने से जीवन में बड़ी राहत मिली है। अब उन्हें भरोसा है कि सरकार उनकी चिंता करती है।
यह मामला दर्शाता है कि सरकार सिर्फ योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों तक उनका लाभ समय पर पहुंचे, इसके लिए जमीनी स्तर पर सक्रिय और प्रतिबद्ध है।




