छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

खाकी पर आरोप लगाने वाली खुद निकली लेडी ड्रग पैडलर: 14 लाख की हेरोइन, कैश और जेवर समेत जसबीर कौर गिरफ्तार

भिलाई। पुलिस को रिश्वतखोरी के कटघरे में खड़ा कर महकमे में हड़कंप मचाने वाली जसबीर कौर उर्फ सोनू का असली चेहरा आखिरकार बेनाकाब हो गया है। खुद को पीड़ित बताकर खाकी पर संगीन आरोप लगाने वाली जसबीर कोई मासूम नहीं, बल्कि एक शातिर नशीले कारोबार की मास्टरमाइंड निकली। खुर्सीपार पुलिस ने जोन-3 स्थित उसके ठिकाने पर सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए 14 लाख रुपए से अधिक कीमत की हेरोइन (70.460 ग्राम) के साथ उसे रंगे हाथों धर दबोचा।

रेड में मिले 29 लाख के माल-ओ-असबाब, इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त

19 सितंबर को मुखबिर से सटीक इनपुट मिलने के बाद पुलिस टीम ने जीरो स्ट्रीट स्थित जसबीर के मकान की घेराबंदी की। पुलिस की आहट मिलते ही उसने भागने की नाकाम कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान पुलिस के भी होश उड़ गए। मौके से न सिर्फ 14.09 लाख रुपए की हेरोइन बरामद हुई, बल्कि 2.35 लाख रुपए का कैश, 71 ग्राम से ज्यादा सोने के जेवर (कीमत ~₹9.65 लाख), चांदी के आभूषण, 8 मोबाइल फोन और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू जब्त किया गया। जब्त कुल संपत्ति का आंकड़ा करीब 29.22 लाख रुपए तक पहुंच गया है।

गैंग में नाबालिग भी शामिल, जेल भेजे गए आरोपी

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जसबीर के साथ उसके साथी नितेश सोनी और तिरकेश निषाद को गिरफ्तार किया, जबकि दो नाबालिगों को भी इस धंधे में शामिल पाया गया। बालिग आरोपियों को कोर्ट के आदेश पर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, वहीं नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

आरोप मढ़कर पुलिस को बैकफुट पर धकेलने की थी साजिश?

इस गिरफ्तारी के साथ ही वह पूरा ड्रामा बेनकाब हो गया है जो जसबीर ने जून महीने में रचा था। 2 जून को उसकी मां रज्जी कौर को 5.80 ग्राम चिट्टा (नशा) के साथ गिरफ्तार किया गया था। मां को बचाने और पुलिस पर दबाव बनाने के लिए जसबीर ने ऑडियो वायरल कर भिलाई-3 के दो एसआई और क्राइम ब्रांच पर 2.50 लाख रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप जड़ा था। इसके चलते दो सब-इंस्पेक्टर निलंबित भी हुए थे। लेकिन ताजा गिरफ्तारी ने साफ कर दिया कि आरोपों की आड़ में जसबीर अपने नशीले साम्राज्य को धड़ल्ले से चला रही थी। मां के बाद अब बेटी का ठिकाना भी सलाखों के पीछे बन चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button