छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

AI समिट में छत्तीसगढ़ के युवाओं का जलवा, ‘कर्तव्य’ ऐप से देशभर में बनाई अलग पहचान

रायपुर। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित प्रतिष्ठित “AI इंपैक्ट समिट” में छत्तीसगढ़ के युवाओं ने राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का दमदार प्रदर्शन किया। रायपुर के प्रतिभाशाली भाई-बहन अनुराग मानिक और आस्था मानिक ने इंडिया AI इंपैक्ट बिल्डथॉन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दोनों विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि 40,000 से अधिक प्रतिभागियों के बीच तीन कठिन चरणों को पार कर शीर्ष स्थान पाना उनकी असाधारण प्रतिभा, मेहनत और नवाचार क्षमता का प्रमाण है। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ के युवाओं के आत्मविश्वास और तकनीकी दक्षता का प्रतीक बताया।

प्रतियोगिता में प्रस्तुत उनका “कर्तव्य” AI ऐप खास आकर्षण का केंद्र रहा। यह एप्लिकेशन AI-जनित आवाज और वास्तविक आवाज के बीच अंतर पहचानने में सक्षम है, जिससे डिजिटल धोखाधड़ी पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर फ्रॉड के खतरे को देखते हुए यह पहल सामाजिक सरोकारों से जुड़ी एक प्रभावी तकनीकी पहल मानी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवा अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोते हुए आधुनिक तकनीक और इनोवेशन के क्षेत्र में भी अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। यह उपलब्धि राज्य में शिक्षा, स्टार्टअप और नवाचार को मिल रहे प्रोत्साहन का सकारात्मक परिणाम है। सरकार युवाओं को तकनीक और स्टार्टअप के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button