रायपुर सर्किट हाउस में फैमिली मेडिसिन डिप्लोमा समारोह, स्वास्थ्य मंत्री ने डॉक्टरों को सौंपे प्रमाणपत्र

रायपुर। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन स्थित सर्किट हाउस में क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज, वेल्लोर द्वारा आयोजित पी.जी. डिप्लोमा इन फैमिली मेडिसिन का दीक्षांत समारोह गरिमापूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। समारोह में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने डिप्लोमा पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले डॉक्टरों को प्रमाणपत्र प्रदान किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि फैमिली मेडिसिन का यह विशेष पाठ्यक्रम चिकित्सा पेशेवरों की प्रतिबद्धता, दक्षता और सेवा भावना का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इस तरह का उन्नत प्रशिक्षण चिकित्सकों को न केवल तकनीकी रूप से मजबूत बनाता है, बल्कि उन्हें समाज के हर वर्ग तक बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए तैयार करता है।
उन्होंने अपने संदेश में यह भी विश्वास जताया कि संस्थान से प्राप्त ज्ञान और व्यावहारिक अनुभव के आधार पर ये सभी डॉक्टर प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभाएंगे। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में फैमिली मेडिसिन विशेषज्ञों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहेगा।
समारोह के दौरान सभी डिप्लोमा प्राप्त चिकित्सकों को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी गई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक और अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे।




