छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

महिला दिवस पर बिलासपुर में खेलों का दम, बालिकाओं और महिलाओं ने दिखाया जो

रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बालिकाओं और महिलाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्व. बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र बहतराई, बिलासपुर में एक दिवसीय महिला खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 12 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की बालिकाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इस प्रतियोगिता में कबड्डी, तीरंदाजी, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल और हॉकी जैसे खेल शामिल किए गए। कबड्डी प्रतियोगिता में बालिका आवासीय कबड्डी अकादमी, बिलासपुर की टीम विजेता रही, जबकि उसी अकादमी की दूसरी टीम उपविजेता बनी। तीसरा स्थान वीर शिवाजी कबड्डी अकादमी, बिलासपुर और चौथा स्थान बिलासा कन्या महाविद्यालय, बिलासपुर को मिला।

तीरंदाजी प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में सुलोचना राज ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि पायल मरावी दूसरे और माया बघेल तीसरे स्थान पर रहीं। जूनियर वर्ग में नंदनी पोर्ते प्रथम, यामिनी धीवर द्वितीय और सिमरन खुसरो तृतीय स्थान पर रहीं। सब-जूनियर वर्ग में स्नेहा ने पहला, निकिता ने दूसरा और विनीता नेताम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं मिनी वर्ग में एकता ध्रुव प्रथम, नेहा यादव द्वितीय और स्मृति नेताम तृतीय स्थान पर रहीं।

बास्केटबॉल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ बास्केटबॉल टीम, बिलासपुर ने खिताब अपने नाम किया, जबकि बिलासा कन्या महाविद्यालय, बिलासपुर उपविजेता रहा। वॉलीबॉल में पुलिस लाइन, बिलासपुर की टीम विजेता और राजकिशोर नगर, बिलासपुर की टीम उपविजेता रही। बिलासा कन्या महाविद्यालय को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

हॉकी प्रतियोगिता में स्व. बी.आर. यादव राज्य हॉकी की टीम ‘ए’ विजेता रही, जबकि खेलो इंडिया हॉकी की टीम ‘बी’ उपविजेता बनी। हॉकी बिलासपुर की टीम ‘सी’ तीसरे स्थान पर रही और टीम ‘डी’ को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

समापन समारोह में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में सहायक संचालक ए. एक्का, क्रीड़ा अधिकारी डॉ. सुनील गौरहा, हॉकी हेड कोच अजीत ई. लकड़ा, वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो, कबड्डी प्रशिक्षक दिल कुमार राठौर, वॉलीबॉल प्रशिक्षक हरगुलशन सिंह, श्रीनिवास नायर, तीरंदाजी सहायक प्रशिक्षक ए.पी.सी. ईतवारी राज और मनमोहन पटेल सहित खेल प्रशिक्षण केंद्र के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button