मनेन्द्रगढ़ सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य मंत्री का औचक दौरा, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

रायपुर। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने रविवार को शासकीय सिविल अस्पताल मनेन्द्रगढ़ पहुंचकर अचानक निरीक्षण किया और स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति परखीं। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का दौरा कर भर्ती मरीजों से बातचीत की तथा इलाज, दवाइयों और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में उपचार व्यवस्था, दवा उपलब्धता, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की गई। डॉक्टरों और प्रबंधन से चर्चा करते हुए मंत्री ने निर्देश दिया कि मरीजों को समय पर इलाज और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मरीजों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे के अनुसार, रविवार होने के कारण ओपीडी बंद थी, फिर भी मंत्री ने वार्डों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का आकलन किया और साफ-सफाई पर संतोष जताया।
अस्पताल परिसर में अवांछित लोगों की आवाजाही रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। इसके तहत दो शिफ्टों में सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में मेडिकल कॉलेज शुरू होने पर सुरक्षा को और मजबूत किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के डॉक्टर, अधिकारी और स्टाफ भी मौजूद रहे।

