कोरिया के खिलाड़ियों का कमाल, सरगुजा ओलंपिक 2026 में जीते 26 पदक

रायपुर। सरगुजा ओलंपिक 2026 में कोरिया जिले के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर जिले को खास पहचान दिलाई है। प्रतियोगिता का शुभारंभ कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंतरराष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी गीता फोगाट की मौजूदगी में किया था।
कोरिया जिले के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में बेहतरीन खेल दिखाते हुए कुल 26 पदक जीते। इनमें 10 स्वर्ण, 9 रजत और 7 कांस्य पदक शामिल हैं। खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और मजबूत टीम भावना के दम पर जिले ने कई स्पर्धाओं में शानदार बढ़त बनाई।
स्वर्ण पदक बैडमिंटन अंडर-17 सिंगल्स और डबल्स बालिका, फुटबॉल सीनियर बालिका, वॉलीबॉल जूनियर बालिका, 200 मीटर, 400 मीटर दौड़, रिले रेस और शॉट पुट जैसी प्रतियोगिताओं में हासिल हुए। वहीं रजत पदक 100 मीटर दौड़, लंबी कूद, तीरंदाजी, बैडमिंटन, वॉलीबॉल और फुटबॉल में मिले। कांस्य पदक 400 मीटर, तीरंदाजी, रिले रेस, कबड्डी, वॉलीबॉल और बैडमिंटन में आए।
इस उपलब्धि से पूरे सरगुजा ओलंपिक में कोरिया जिले ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि जिले के खिलाड़ियों में जुनून, संघर्ष और आगे बढ़ने का जज़्बा भरपूर है। उन्होंने कहा कि हार से घबराने के बजाय और ज्यादा मेहनत के साथ लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।




