बिराजपाली में ‘हर घर जल’ का सपना साकार, हर घर पहुंचा साफ पानी

रायपुर। महासमुंद जिले के पिथौरा विकासखंड का ग्राम बिराजपाली अब पूरी तरह “हर घर जल” लक्ष्य हासिल करने वाला गांव बन गया है। जहां कभी ग्रामीणों को पेयजल के लिए हैंडपंप या दूर-दराज के स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता था, वहीं अब हर घर में नल के जरिए स्वच्छ पानी पहुंच रहा है। इससे न सिर्फ लोगों की दिनचर्या आसान हुई है, बल्कि जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव आया है।
21 फरवरी 2026 को गांव का आधिकारिक प्रमाणीकरण किया गया। योजना के तहत 182 घरों में नल कनेक्शन दिए गए हैं, जिससे नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है। जल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 94.27 लाख रुपये की लागत से 40 किलोलीटर क्षमता की ओवरहेड टंकी बनाई गई है और करीब 2270 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है।
गांव में 13 हैंडपंप और 3 पावर पंप भी मौजूद हैं, जो जल स्रोतों को अतिरिक्त सहारा देते हैं। योजना के संचालन और रखरखाव के लिए ग्राम जल समिति बनाई गई है, जो हर परिवार से 60 रुपये मासिक जलकर के रूप में संग्रह कर रही है।
इस सफलता में सरपंच एतराम साहू, सचिव पुष्पलता चौहान और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी अहम रही। ग्रामीण श्याम बाई के अनुसार अब पानी के लिए दूर नहीं जाना पड़ता, जिससे समय और मेहनत दोनों की बचत हो रही है और जीवन पहले से ज्यादा सहज हो गया है।



