बस्तर के विस्थापितों की घर वापसी की तैयारी, सरकार बना रही पुनर्वास की बड़ी योजना

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने बस्तर संभाग से तेलंगाना और आंध्रप्रदेश में जाकर बसे विस्थापित परिवारों की वापसी और पुनर्वास के लिए ठोस पहल शुरू कर दी है। मंत्रालय में हुई उच्चस्तरीय बैठक में इन परिवारों के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर जिलों से हजारों परिवार वर्षों से सीमावर्ती राज्यों में रह रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार, केवल तेलंगाना के 467 गांवों में 4345 परिवारों के 19,709 लोग और आंध्रप्रदेश के 184 गांवों में 2594 परिवारों के 11,389 लोग प्रवासित हैं। कुल मिलाकर 31 हजार से अधिक लोगों के पुनर्वास की चुनौती सामने है।
राष्ट्रीय जनजातीय आयोग के निर्देश पर सर्वे का काम तेज किया गया है और संबंधित जिलों को समयबद्ध रिपोर्ट देने के निर्देश मिले हैं। अधिकारियों को मूल गांवों और वर्तमान निवास की विस्तृत जानकारी जुटाने के लिए कहा गया है, ताकि प्रभावी पुनर्वास योजना तैयार की जा सके।
सरकार ने सभी विभागों को नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए हैं, जिससे समन्वय बेहतर हो और विस्थापित परिवारों की घर वापसी जल्द संभव हो सके।




