खरीफ से पहले सख्ती: कृषि केंद्रों में गड़बड़ी पर दो फर्मों को नोटिस, लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई शुरू

रायपुर। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में खरीफ 2026 सीजन से पहले कृषि विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। खाद, बीज और कीटनाशकों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे सघन निरीक्षण अभियान के दौरान कई अनियमितताएं सामने आई हैं, जिसके आधार पर दो फर्मों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
विकासखंड पलारी में निरीक्षण के दौरान एक कृषि सेवा केंद्र में स्कंध पंजी का सही तरीके से संधारण नहीं पाया गया। इस लापरवाही पर संबंधित फर्म को नोटिस थमाया गया।
वहीं, बलौदाबाजार विकासखंड में उपसंचालक कृषि दीपक कुमार नायक, उर्वरक निरीक्षक लोकनाथ दीवान और शाखा प्रभारी सिमांचल गौड़ की टीम ने नवीन ट्रेडर्स का निरीक्षण किया। जांच में स्टैकिंग में गड़बड़ी, स्कंध पंजी का अभाव और लाइसेंस का निर्धारित स्थान पर प्रदर्शन नहीं मिलने जैसी गंभीर खामियां सामने आईं। इसके बाद फर्म को नोटिस जारी करते हुए उर्वरक लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कसडोल और भाटापारा विकासखंडों में भी अन्य कृषि केंद्रों की जांच की गई। अधिकारियों को नियमित निरीक्षण जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे खाद, बीज और कीटनाशक खरीदते समय पक्का बिल जरूर लें और उर्वरक की खरीद केवल पीओएस मशीन के माध्यम से ही करें, ताकि किसी प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सके।




