रामलला दर्शन के लिए 850 श्रद्धालु रवाना, जयघोष से गूंजा रायपुर रेलवे स्टेशन

रायपुर। रायपुर रेलवे स्टेशन पर भक्ति, आस्था और उत्साह का अनोखा संगम देखने को मिला, जब कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल और टंकराम वर्मा ने 850 तीर्थयात्रियों को लेकर विशेष ‘रामलला दर्शन’ ट्रेन को अयोध्या के लिए रवाना किया। “जय श्री राम” के जयघोष से पूरा स्टेशन गूंज उठा और श्रद्धालुओं के चेहरों पर पहली बार रामलला के दर्शन की खुशी साफ नजर आई।
इस यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग पहली बार अयोध्या जा रहे हैं। यात्रियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पर्यटन विभाग के प्रति आभार जताया। मंत्री राजेश अग्रवाल ने यात्रियों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और यात्रा की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
यह यात्रा सिर्फ अयोध्या तक सीमित नहीं है, बल्कि श्रद्धालुओं को काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन का भी अवसर मिलेगा। राज्य सरकार ने आईआरसीटीसी और छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के माध्यम से भोजन, आवास, चिकित्सा और भ्रमण सहित सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। यात्रा के दौरान अधिकारी-कर्मचारी भी लगातार यात्रियों की सहायता में जुटे रहे।
‘रामलला दर्शन योजना’ के तहत अब तक 52 ट्रेनों से करीब 44,200 श्रद्धालु इस यात्रा का लाभ उठा चुके हैं। वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली ट्रेन के रूप में रायपुर से 850 यात्रियों को रवाना किया गया। अब तक कुल 53 ट्रेनों से 45,050 श्रद्धालु इस धार्मिक यात्रा में शामिल हो चुके हैं।
छत्तीसगढ़ को भगवान राम का ननिहाल माना जाता है, जहां लोग उन्हें “भांचा राम” कहकर पुकारते हैं। इसी गहरी आस्था को सम्मान देते हुए साय सरकार लगातार तीसरे साल श्रद्धालुओं को अयोध्या और काशी दर्शन का अवसर दे रही है। रायपुर से रवाना हुई यह ट्रेन सिर्फ एक सफर नहीं, बल्कि प्रदेश की आस्था, संस्कृति और विश्वास की मजबूत अभिव्यक्ति बनकर सामने आई।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, पर्यटन मंडल के एमडी विवेक आचार्य, डीजीएम पूनम शर्मा समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।




