लखनपुर में 5,596 परिवारों के चेहरे पर खिला खुशियों का उजाला, पक्के घर में हुआ गृह प्रवेश

आकांक्षी विकासखंड लखनपुर के ग्राम पंचायत गोरता में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत बने पक्के मकानों में हितग्राहियों ने विधिवत गृह प्रवेश किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और हितग्राही परिवारों को नए आशियाने की चाबी सौंपकर उन्हें सुखद एवं सुरक्षित गृहस्थ जीवन की शुभकामनाएं दीं।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने पूजन और फीता काटकर गृह प्रवेश कराया। इसके साथ ही हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से ‘खुशियों की चाबी’ प्रदान की गई। नए घर की चाबी हाथ में आते ही हितग्राही परिवारों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ नजर आया।
चाबी मिलते ही खिल उठे परिवारों के चेहरे
गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने हितग्राही जुगेंद्र राजवाड़े और उनकी पत्नी फूलमती को नवनिर्मित पक्के मकान की चाबी सौंपी। लंबे इंतजार के बाद अपना पक्का घर मिलने पर परिवार ने शासन और प्रशासन के प्रति आभार जताया।
इसी तरह जोगेंद्र राजवाड़े, छीहारो, संतोष सहित अन्य हितग्राहियों को भी ‘खुशियों की चाबी’ दी गई। मंत्री ने परिवारों को नए घर की बधाई देते हुए कहा कि पक्का मकान सिर्फ चार दीवारों की संरचना नहीं, बल्कि परिवार की सुरक्षा, सम्मान और स्थायी भविष्य की मजबूत नींव है।
अधूरे आवास जल्द पूरे करने के निर्देश
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने ग्रामीणों से संवाद किया और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत लेकिन अभी तक अधूरे आवासों को जल्द पूरा करने के लिए हितग्राहियों को प्रेरित किया। अधिकारियों ने भी आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और लंबित निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत लखनपुर की अध्यक्ष शशिकला सिंह, उपाध्यक्ष कामेश्वर राजवाड़े, ग्राम पंचायत के सरपंच-पंच, जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी खुशबू शास्त्री सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, एबीपी फेलो और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
सरगुजा में 5,596 आवासों में हुआ गृह प्रवेश
सरगुजा जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G), प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (PM-JANMAN) और मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (MMAY-G) के तहत निर्मित कुल 5,596 आवासों में एक साथ गृह प्रवेश कराया गया।
इनमें PMAY-G के 4,967, PM-JANMAN के 398 और मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 231 आवास शामिल हैं।
विकासखंडवार आंकड़ों में अंबिकापुर में 1,235, बतौली में 737, लखनपुर में 1,033, लुंड्रा में 685, मैनपाट में 577, सीतापुर में 626 और उदयपुर में 703 आवासों में गृह प्रवेश हुआ।
लखनपुर में हुए 1,033 गृह प्रवेश में PMAY-G के 978, PM-JANMAN के 11 और मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 44 आवास शामिल हैं।
इन कार्यक्रमों ने हजारों ग्रामीण परिवारों के लिए लंबे समय से देखे जा रहे पक्के घर के सपने को हकीकत में बदल दिया। नए घर की चौखट पर गृह प्रवेश के साथ परिवारों को सुरक्षित छत, स्थायित्व और सम्मानजनक जीवन की नई उम्मीद मिली।




