छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

गरीब और आमजन के लिए खुला रामलला दर्शन का द्वार, बिलासपुर से निकली विशेष ट्रेन

रायपुर। बिलासपुर रेलवे स्टेशन से रामलला दर्शन योजना के तहत आस्था स्पेशल ट्रेन 850 श्रद्धालुओं को लेकर अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को विदा किया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग सिंह मौजूद रहे।

इस अवसर पर तोखन साहू ने कहा कि रामलला दर्शन योजना आस्था और विश्वास को सम्मान देने वाली पहल है, जिसके जरिए हर वर्ग के लोगों को भगवान राम के दर्शन का अवसर मिल रहा है। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की जनकल्याणकारी सोच का उदाहरण बताया।

रेलवे स्टेशन पर पारंपरिक नृत्य, तिलक, फूल-मालाओं और पुष्प वर्षा के साथ श्रद्धालुओं का जोरदार स्वागत किया गया। यात्रियों के चेहरों पर उत्साह और भक्ति का भाव साफ नजर आया। अयोध्या के साथ-साथ श्रद्धालु काशी विश्वनाथ के भी दर्शन करेंगे।

यात्रा पर जा रहे बिलासपुर के श्रीकांत गुप्ता, तखतपुर के बलदाऊ गुप्ता और कुवंरिया बाई सहित अन्य श्रद्धालुओं ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए यह योजना किसी सपने के साकार होने जैसी है।

इस विशेष ट्रेन में बिलासपुर जिले के 225 श्रद्धालु भी शामिल हैं। योजना के तहत यात्रियों के लिए यात्रा, ठहरने, भोजन, दर्शन और सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की गई है। साथ ही यात्रा के दौरान टूर एस्कॉर्ट, सुरक्षा कर्मियों और चिकित्सकों की टीम भी साथ रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button