भखारा में लगा मेगा क्रेडिट कैंप, 476 हितग्राहियों को मिला 32 करोड़ का आर्थिक संबल

धमतरी के भखारा में आयोजित मेगा क्रेडिट कैंप ने किसानों, महिलाओं और ग्रामीण उद्यमियों के लिए आर्थिक अवसरों के नए रास्ते खोले। बैंक ऑफ बड़ौदा की इस पहल में 476 हितग्राहियों को कुल 32 करोड़ रुपये की ऋण सहायता स्वीकृत एवं वितरित की गई।
भखारा में लगा मेगा क्रेडिट कैंप, 476 हितग्राहियों को मिला 32 करोड़ का आर्थिक संबल
कैंप का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देना और किसानों, स्वयं सहायता समूहों, महिलाओं तथा स्थानीय उद्यमियों को संस्थागत बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ना रहा। ऋण सहायता का बड़ा हिस्सा कृषि, खाद्य प्रसंस्करण और ग्रामीण कारोबार को मजबूत करने में लगाया गया।
फूड एवं एग्रो प्रोसेसिंग से जुड़े 7 प्रकरणों में 16 करोड़ रुपये की ऋण राशि स्वीकृत की गई। वहीं 211 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के माध्यम से 6 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए। ट्रैक्टर और हार्वेस्टर जैसे कृषि उपकरणों के लिए 69 मामलों में 5 करोड़ रुपये का कृषि टर्म लोन दिया गया।
महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण स्व-रोजगार को बढ़ावा देने के लिए 155 स्वयं सहायता समूहों को 5 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता मिली। इसके अलावा बैंक ऑफ बड़ौदा की नारी शक्ति योजना के 34 प्रकरणों में 84 लाख रुपये का ऋण प्रदान किया गया।
कलेक्टर धमतरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के क्रेडिट कैंप वित्तीय समावेशन को मजबूत करने के साथ किसानों और स्थानीय उद्यमियों के लिए आर्थिक प्रगति के नए अवसर तैयार करते हैं। उन्होंने हितग्राहियों से ऋण राशि का उपयोग उत्पादक गतिविधियों में करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि आगामी 15 सितंबर को जिंजर लीफ में लोन मेला आयोजित किया जाएगा। इसके बाद धमतरी में बड़े स्तर पर जिला स्तरीय लोन मेले का आयोजन किया जाएगा।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों को आसान तरीके से पर्याप्त ऋण मिलने से स्थानीय स्तर पर रोजगार और आय के नए साधन विकसित होंगे। कैंप में बैंक अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न बैंकिंग योजनाओं, पात्रता, जरूरी दस्तावेज और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं की जानकारी भी दी।




