रायपुर में उपभोक्ता आयोग की अतिरिक्त पीठ शुरू, मामलों के तेजी से निपटारे की उम्मीद

रायपुर। छत्तीसगढ़ में उपभोक्ताओं को त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। राज्य उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति गौतम चौरड़िया ने आज सुबह जिला उपभोक्ता आयोग, रायपुर की अतिरिक्त पीठ का विधिवत उद्घाटन किया।
अपने संबोधन में उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ता हितों की रक्षा और समय पर न्याय उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। नई अतिरिक्त पीठ की स्थापना को लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
उन्होंने 12 अप्रैल 2025 को उपभोक्ता सम्मेलन के दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा की गई घोषणा का उल्लेख करते हुए आभार जताया। साथ ही खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयालदास बघेल और विभागीय सचिव रीना बाबा साहेब खंगाले के प्रयासों की सराहना की।
नई पीठ में प्रशांत कुंडु को अध्यक्ष और आनंद वर्गीस को सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों ने आज से ही मामलों की सुनवाई शुरू कर दी है।
कार्यक्रम में राज्य उपभोक्ता आयोग के सदस्य प्रमोद वर्मा, रजिस्ट्रार श्रीनिवास तिवारी, जिला आयोग रायपुर के अध्यक्ष डी. पी. शर्मा सहित अन्य सदस्य और वरिष्ठ अधिवक्ता भी मौजूद रहे।




