Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

बिहान मिशन से बदली तस्वीर: सिदाय नेताम बनीं सफल कृषक उद्यमी, लाखों की कमाई से रची मिसाल

Bihan Mission changed the picture: Siday Netam became a successful farmer entrepreneur, setting an example by earning lakhs

रायपुर। ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ कोंडागांव जिले में बदलाव की मजबूत कहानी लिख रहा है। इस बदलाव की एक प्रेरक मिसाल हैं फरसगांव विकासखंड के ग्राम गट्टीपलना की निवासी सिदाय नेताम, जिन्होंने मेहनत और आधुनिक खेती के सहारे अपनी अलग पहचान बनाई है।

गांव से जुड़े स्व-सहायता समूह ‘शिव शक्ति’ के माध्यम से उन्हें बैंक लिंकेज के जरिए 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद मिली। यही सहयोग उनके लिए नए सफर की शुरुआत बना। मिशन के तहत उन्हें आधुनिक खेती की तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें मल्चिंग, ड्रिप इरिगेशन और उन्नत बीजों का उपयोग शामिल रहा।

सीखी हुई तकनीकों को अपनाते हुए उन्होंने टमाटर, करेला और पॉपकॉर्न मक्का की खेती शुरू की। कुल 1.5 लाख रुपये के निवेश से उन्होंने 3.6 लाख रुपये की आमदनी हासिल की और 2.1 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा कमाया।

यह उपलब्धि सिर्फ कमाई तक सीमित नहीं रही, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी नई ऊंचाई मिली। आज वे “कृषि सखी” के रूप में अन्य महिलाओं को आधुनिक खेती, जैविक खाद और कृषि यंत्रों के सही उपयोग की जानकारी देकर प्रेरित कर रही हैं।

जिले में ऐसे कई उदाहरण सामने आ रहे हैं, जहां महिलाएं स्व-सहायता समूहों के जरिए आर्थिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। सही प्रशिक्षण, संसाधन और मार्गदर्शन मिलने पर ग्रामीण महिलाएं किस तरह सफलता की नई कहानी लिख सकती हैं, इसका जीवंत उदाहरण सिदाय नेताम हैं।