ग्रामीण के न्योते पर CM पहुंचे घर, गृह प्रवेश बना भावनाओं का उत्सव

रायपुर। कबीरधाम जिले के ग्राम लोखान में एक ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने शासन और आमजन के रिश्ते को नई गर्माहट दे दी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक सामान्य ग्रामीण के सादे निमंत्रण को न सिर्फ स्वीकार किया, बल्कि उसे यादगार पल में बदल दिया।
गांव के निवासी मोहन मरावी के नए पक्के घर का गृह प्रवेश था। जैसे ही उन्हें मुख्यमंत्री के गांव में होने की खबर मिली, वे सीधे उनके पास पहुंचे और घर आने का आग्रह कर दिया। यह सहज और भावनात्मक निमंत्रण ठुकराया नहीं गया—मुख्यमंत्री खुद उनके घर पहुंच गए।
घर पहुंचते ही माहौल पूरी तरह पारिवारिक हो गया। बिना किसी औपचारिकता के नारियल फोड़ा गया, दीप जलाया गया और विधि-विधान से गृह प्रवेश की रस्म पूरी हुई। इस दौरान परिवार की खुशी और गर्व साफ झलक रहा था, वहीं आसपास के ग्रामीण भी इस पल के साक्षी बनकर उत्साहित नजर आए।
इस दौरान एक दिल छू लेने वाला संवाद भी हुआ। मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए पूछा—“आवास कोन भेजिस?” मोहन ने तुरंत जवाब दिया—“मोदी जी ने।” इस छोटे से संवाद ने माहौल को और भावुक बना दिया और योजनाओं के जमीनी असर को सामने रखा।
मोहन मरावी ने बताया कि उनका घर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिली राशि और अपनी मेहनत से तैयार हुआ है। पहले कच्चे घर में रहने वाले इस परिवार ने 2024-25 में स्वीकृति मिलने के बाद खुद ईंट बनाकर चार कमरों का पक्का मकान तैयार किया।
मुख्यमंत्री ने घर की गुणवत्ता और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि जब सरकारी योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती हैं और उसमें लोगों की भागीदारी जुड़ती है, तभी असली विकास दिखाई देता है।
गृह प्रवेश के इस मौके को उन्होंने न सिर्फ एक परिवार की खुशी, बल्कि पूरे गांव के लिए प्रेरणा बताया—जहां मेहनत, संकल्प और योजनाओं का साथ मिलकर सपनों को हकीकत में बदल देता है।



