छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

महतारी वंदन की राशि से मंदिर निर्माण: आमापाली की महिलाओं का अनूठा कदम, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने की सराहना

रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत आमापाली में आयोजित जन चौपाल सिर्फ ग्रामीणों की समस्याएं सुनने तक सीमित नहीं रही, बल्कि वहां महिला सशक्तिकरण और भक्ति की एक अनोखी मिसाल देखने को मिली।

जन चौपाल में ग्रामीणों से संवाद करने पहुंचे वित्त मंत्री ओपी चौधरी उस वक्त बेहद प्रभावित हुए, जब आमापाली की माताओं और बहनों ने एक प्रेरणादायी पहल की जानकारी दी। महिलाओं ने सरकार की ‘महतारी वंदन योजना’ से मिली राशि में से अपनी स्वेच्छा से पैसे जुटाकर भगवान जगन्नाथ मंदिर के प्रारंभिक निर्माण कार्य के लिए दान कर दिए।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने महिलाओं के इस जज्बे और संकल्प की खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि आमापाली की बहनों का यह योगदान सिर्फ एक आर्थिक मदद नहीं, बल्कि सामाजिक सहभागिता और नेतृत्व की जीती-जागती मिसाल है। महिलाएं अब सिर्फ परिवार ही नहीं संभाल रहीं, बल्कि समाज और सामुदायिक विकास की धुरी भी बन रही हैं।

ओपी चौधरी ने आगे कहा कि महिलाओं का यह स्वैच्छिक कदम समाज में आपसी सहयोग और सामूहिक जिम्मेदारी को मजबूत करता है। यह पहल पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने इस सराहनीय कार्य के लिए सभी महिलाओं और ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए दोहराया कि सीधे जनता के बीच जाकर उनकी बात सुनना और समाधान निकालना ही राज्य सरकार के सुशासन का असली मकसद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button