धमतरी की छात्राओं में जगी स्टार्टअप की उड़ान, 150 युवतियों ने सीखे इनोवेशन के गुर

धमतरी। युवाओं को स्वरोजगार, नवाचार और उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत एन.आर.एम. शासकीय कन्या महाविद्यालय, धमतरी में ‘सेवा फर्स्ट नेशनल इनोवेशन चैलेंज’ और जिला शिक्षा, उद्यमिता एवं स्टार्टअप विकास कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजन में महाविद्यालय की करीब 150 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के प्रबंधक ने छात्राओं को स्टार्टअप की बुनियादी अवधारणाओं, उसकी कार्यप्रणाली और छत्तीसगढ़ की नई स्टार्टअप नीति की जानकारी दी। साथ ही ‘सेवा फर्स्ट नेशनल इनोवेशन चैलेंज’ की प्रक्रिया समझाते हुए छात्राओं को अपने आसपास की समस्याओं को पहचानकर उनके नए और व्यावहारिक समाधान तलाशने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं, सीजीएस नेटवर्क के प्रतिनिधि ने ‘युवा धमतरी पोर्टल’ की जानकारी देते हुए बताया कि यह प्लेटफॉर्म युवाओं को प्रशिक्षण, इंटर्नशिप, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों से जोड़ने का माध्यम है। छात्राएं अपनी रुचि और जरूरत के अनुसार पोर्टल पर पंजीकरण कर विभिन्न अवसरों का लाभ उठा सकती हैं।
कार्यक्रम के व्यावहारिक सत्र में सीजीएस नेटवर्क और स्टार्टअप मेंटर ने छात्राओं को ‘प्रॉब्लम आइडेंटिफिकेशन’ पर हैंड्स-ऑन अभ्यास कराया। छात्राओं ने टीमों में काम करते हुए स्थानीय समस्याओं, उनके कारणों और संभावित तकनीकी व व्यावसायिक समाधानों पर विचार किया।
महाविद्यालय की प्राचार्य और प्राध्यापकगण की मौजूदगी में हुए इस आयोजन का उद्देश्य छात्राओं में रचनात्मक सोच, समस्या-समाधान क्षमता और उद्यमिता की भावना विकसित करना रहा, ताकि वे भविष्य में रोजगार तलाशने के साथ-साथ रोजगार सृजन की दिशा में भी आगे बढ़ सकें।




