छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

सुशासन तिहार 2026: समाधान शिविर में उमड़ा जनसैलाब, 1200+ आवेदनों के साथ योजनाएं पहुंचीं सीधे गांव तक

रायपुर। सुशासन तिहार-2026 के तहत आयोजित समाधान शिविर अब ग्रामीण क्षेत्रों में शासन और जनता के बीच की दूरी तेजी से कम कर रहे हैं। इसी कड़ी में मुंगेली जिले के पथरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम गंगद्वारी में 25 ग्राम पंचायतों के क्लस्टर के लिए एक बड़े समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जहां आमजन ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

शिविर में 1,273 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनका त्वरित और नियमानुसार निराकरण किया जा रहा है। इससे लोगों को मौके पर ही राहत मिलने लगी है और प्रशासनिक प्रक्रिया अधिक सरल और प्रभावी होती दिख रही है।

विभिन्न विभागों ने शिविर में स्टॉल लगाकर अपनी योजनाओं की जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों की जांच कर उन्हें दवाइयां और जरूरी सलाह भी दी। इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने स्टॉलों का निरीक्षण कर आमजन तक योजनाओं की सही जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में संबोधन के दौरान विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन की योजनाओं को सीधे जनता तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करना है। उन्होंने बताया कि शिविर में ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड और आयुष्मान कार्ड जैसी सुविधाएं भी ऑन-द-स्पॉट दी जा रही हैं।

इस अवसर पर क्षेत्र के विकास के लिए कई अहम घोषणाएं भी की गईं। गंगद्वारी में शेड निर्माण, पंचायत भवन, सड़कों के निर्माण सहित विभिन्न कार्यों के लिए लाखों रुपये की स्वीकृति दी गई। साथ ही महतारी सदन, विद्युत सब स्टेशन और सड़क निर्माण जैसे लगभग 20 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी मिली। कई गांवों में हैंडपंप की सुविधा भी स्वीकृत की गई है।

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पारदर्शिता के साथ पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। वहीं जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय ने बताया कि शिविर में पात्र लोगों का चयन कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।

अब अगला समाधान शिविर 7 मई को मुंगेली के कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित होगा, जहां शहर के कई वार्डों के लोग अपनी समस्याएं दर्ज कराकर समाधान प्राप्त कर सकेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button