छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

ऑनलाइन दवा कंपनियों के खिलाफ देशव्यापी बंद: छत्तीसगढ़ के 18 हजार मेडिकल स्टोरों पर ताला, मरीजों के लिए जारी हुए इमरजेंसी नंबर

रायपुर। ऑनलाइन दवा बिक्री के बढ़ते कारोबार के विरोध में बुधवार को देशभर के केमिस्ट संगठनों ने एकदिवसीय हड़ताल की। इस बंद का असर छत्तीसगढ़ में भी व्यापक रूप से देखने को मिला, जहां लगभग 18 हजार थोक और खुदरा मेडिकल स्टोर पूरे दिन बंद रहे। राजधानी रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, सरगुजा, बस्तर और सूरजपुर समेत कई जिलों में दवा दुकानों के शटर नहीं खुले।

रायपुर में अधिकांश निजी मेडिकल स्टोर बंद रहे, हालांकि राज्य सरकार द्वारा संचालित धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स से लोगों ने दवाइयां खरीदीं। सरगुजा में केमिस्ट संघ ने बाइक रैली निकालकर ऑनलाइन फार्मेसी कंपनियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। अपोलो फार्मेसी के सामने नारेबाजी कर दुकान बंद कराई गई।

बस्तर जिले की करीब 300 और जगदलपुर शहर की 120 से अधिक दवा दुकानें बंद रहीं। रायगढ़ में 760 मेडिकल स्टोरों ने हड़ताल में भाग लिया। मरीजों की असुविधा को कम करने के लिए कई दुकानदारों ने इमरजेंसी मोबाइल नंबर जारी किए, ताकि गंभीर जरूरत पड़ने पर दवाइयां उपलब्ध कराई जा सकें।

केमिस्ट संगठनों का कहना है कि ऑनलाइन कंपनियां भारी छूट देकर पारंपरिक मेडिकल स्टोरों के अस्तित्व पर संकट खड़ा कर रही हैं। इस आंदोलन को व्यापारिक संगठनों और कांग्रेस के चिकित्सा प्रकोष्ठ का समर्थन मिला।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सरकार स्थिति पर नजर रखे हुए है और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button