छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

महिलाओं के नाम संपत्ति रजिस्ट्री पर बड़ी राहत, 50% शुल्क छूट से रायगढ़ की शर्मिला मिश्रा ने बचाए 25 हजार रुपए

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और संपत्ति में उनकी भागीदारी बढ़ाने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है। इसी कड़ी में महिलाओं के पक्ष में अचल संपत्ति के अंतरण से जुड़े दस्तावेजों पर पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट का लाभ प्रदेशभर में महिलाओं को मिल रहा है।

सरकार के इस फैसले के तहत महिलाओं के नाम पर जमीन और अन्य अचल संपत्ति की रजिस्ट्री कराने पर पंजीयन शुल्क की दर आधी कर दी गई है। पहले संपत्ति के बाजार मूल्य के आधार पर 4 प्रतिशत पंजीयन शुल्क लिया जाता था, जिसे महिलाओं के नाम पर होने वाली रजिस्ट्री के लिए घटाकर 2 प्रतिशत कर दिया गया है।

इस योजना का लाभ रायगढ़ निवासी शर्मिला मिश्रा को भी मिला है। उन्होंने अपने नाम पर जमीन की रजिस्ट्री कराई, जिससे पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट मिलने के कारण करीब 25 हजार रुपए की सीधी बचत हुई।

शर्मिला मिश्रा ने कहा कि सरकार का यह फैसला महिलाओं के लिए बड़ी आर्थिक राहत लेकर आया है। रजिस्ट्री का खर्च कम होने के साथ ही महिलाओं के नाम पर संपत्ति होने से उनके आर्थिक अधिकार और सामाजिक सुरक्षा भी मजबूत होती है।

उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि महिलाओं के नाम पर संपत्ति खरीद को प्रोत्साहन देने वाली यह पहल उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार के इस निर्णय से आने वाले समय में संपत्ति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने और उनके आर्थिक सशक्तिकरण को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button