सुशासन तिहार शिविर में गूंजी रिश्वत की शिकायत, कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में सुशासन तिहार के तहत नगरीय क्षेत्र का पहला जन समस्या निवारण शिविर पेंड्रा के मल्टी परपज स्कूल में आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के सामने रखीं। विभिन्न विभागों ने प्राप्त आवेदनों का मौके पर निराकरण किया और आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
शिविर के दौरान नगर पालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष राकेश जलान ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृति के लिए एक कर्मचारी द्वारा हितग्राही से पैसे मांगने की शिकायत उठाई। मामले को गंभीर मानते हुए कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने तत्काल जांच के निर्देश दिए और शिकायत सही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा।
राकेश जलान ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाने के लिए वार्ड स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाने चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान पर जोर दिया और लोगों से जल संरक्षण व वृक्षारोपण में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां स्वास्थ्य जांच, दवा वितरण, ई-केवाईसी, प्रमाण पत्र वितरण और अन्य सेवाएं प्रदान की गईं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार और नोनी सुरक्षा व सुकन्या समृद्धि योजना के तहत लाभ वितरण किया।
राजस्व विभाग ने 24 दिन के नवजात शिशु को जाति और निवास प्रमाण पत्र जारी कर त्वरित प्रशासनिक सेवा का उदाहरण पेश किया। वहीं किसानों को किसान किताब और बीज वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान कार्ड, पोषण आहार, वॉकर, छड़ी, चश्मे और दवा किट भी वितरित किए।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने नागरिकों को बाल विवाह के खिलाफ शपथ दिलाई और जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प दोहराया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों की मौजूदगी में आयोजित यह शिविर प्रशासन और जनता के बीच संवाद और विश्वास को मजबूत करने का माध्यम बना।




