छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

कोंडागांव में विकास कार्यों की जमीनी पड़ताल, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अधिकारियों को दिए गुणवत्ता और समय-सीमा के सख्त निर्देश

बस्तर प्रवास के दूसरे दिन उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कोंडागांव जिले में चल रहे विभिन्न विकास और अधोसंरचना परियोजनाओं का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

नगर पालिका कोंडागांव में मिशन अमृत 2.0 के तहत निर्माणाधीन जल प्रदाय योजना का निरीक्षण करते हुए साव ने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से ठेकेदारों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने और कार्य में तेजी लाने को कहा।

करीब 104 करोड़ रुपये की लागत से बन रही इस योजना के तहत कोसारटेडा बांध से पानी लाकर 9 एमएलडी क्षमता वाले वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में शोधन किया जाएगा। इसके बाद शहरवासियों को नल कनेक्शनों के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। परियोजना का लगभग 85 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है तथा दो ओवरहेड टैंकों का निर्माण भी किया जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री ने कोपाबेड़ा में 3.61 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे तालाब सौंदर्यीकरण और अन्य विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। इसके साथ ही कोपाबेड़ा से शिव मंदिर तक बन रही 2.9 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण कार्य का जायजा लिया। यह सड़क लगभग 4.61 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जा रही है।

इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन कोंडागांव-नारायणपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130डी का भी निरीक्षण किया और सड़क के साथ बनने वाले पुल-पुलियों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात के मौसम में आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

चिखलपुट्टी स्थित नवनिर्मित बस स्टैंड का अवलोकन करते हुए साव ने यात्री सुविधाओं के विस्तार और बस स्टैंड के बेहतर संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतू उसेंडी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button