छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

सुकमा में पेयजल और खेल सुविधाओं को मिलेगी नई रफ्तार, उप मुख्यमंत्री ने परियोजनाओं का किया निरीक्षण

रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने बस्तर दौरे के चौथे दिन सुकमा पहुंचकर मिशन अमृत 2.0 के तहत संचालित पेयजल परियोजनाओं और निर्माणाधीन खेल अधोसंरचना का निरीक्षण किया। उन्होंने शहर में जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बनाए जा रहे वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, शबरी नदी पर निर्माणाधीन इंटेक-वेल, पानी टंकी तथा पाइपलाइन विस्तार कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों को तेज गति से पूरा करते हुए जनवरी 2027 से सुकमा शहर में मिशन अमृत 2.0 योजना के तहत नियमित जल आपूर्ति शुरू की जाए। केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत नगर पालिका द्वारा लगभग 86 करोड़ रुपये की लागत से शहर की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जा रहा है, जिसमें अब तक 54 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना का निर्माण आगामी 25 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है, इसलिए गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को तय समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने लोक निर्माण विभाग द्वारा कुम्हाररास में 11.62 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भी निरीक्षण किया। लगभग 10 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहे इस खेल परिसर में फुटबॉल मैदान, एथलेटिक्स ट्रैक, इंडोर बैडमिंटन कोर्ट, प्रशासनिक भवन, बॉक्स क्रिकेट और स्विमिंग पूल जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस परियोजना का करीब 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को दिसंबर तक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। इस परियोजना के पूरा होने से सुकमा के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी और स्थानीय खेल प्रतिभाओं को निखरने का बेहतर अवसर मिलेगा। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अमित कुमार भी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button