छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

रायगढ़ को आधुनिक शहर बनाने की दिशा में तेज कदम, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने विकास परियोजनाओं का किया निरीक्षण

वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने सोमवार को रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र में चल रही विभिन्न महत्वाकांक्षी विकास परियोजनाओं का निरीक्षण कर उनकी प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने मरीन ड्राइव, अंतरराज्यीय बस स्टैंड (आईएसबीटी), एफसीआई ऑक्सीजोन, मिट्ठूमुड़ा तालाब, किसान राइस मिल ऑक्सीजोन और कयाघाट पुल जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का स्थल पर पहुंचकर जायजा लिया तथा अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ को प्रदेश के सबसे आधुनिक, व्यवस्थित और सुविधासंपन्न शहर के रूप में विकसित करना उनका लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि सड़क, परिवहन, पर्यावरण, जल संरक्षण और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी ये परियोजनाएं पूर्ण होने के बाद रायगढ़ विकास का नया उदाहरण बनेगा।

प्रगति नगर स्थित निर्माणाधीन मरीन ड्राइव का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कार्यों की प्रगति पर संतोष जताया और कहा कि यह परियोजना केवल यातायात को सुगम नहीं बनाएगी, बल्कि रायगढ़ की नई पहचान के रूप में भी उभरेगी। उन्होंने अधिकारियों को आगामी नवंबर तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

अंतरराज्यीय बस स्टैंड (आईएसबीटी) के निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि यह बस टर्मिनल भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है। यहां एक साथ 30 बसों के संचालन, 40 अतिरिक्त बसों की पार्किंग, लगभग 550 यात्रियों के बैठने की क्षमता वाले प्रतीक्षालय और बसों की मरम्मत के लिए अलग वर्कशॉप की सुविधा उपलब्ध होगी।

वहीं एफसीआई परिसर में विकसित हो रहे लगभग सात एकड़ के ऑक्सीजोन प्रोजेक्ट को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अहम कदम बताते हुए उन्होंने नागरिकों की सुविधा के लिए दो प्रवेश द्वार बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच हरित क्षेत्रों का विस्तार बेहद जरूरी है और रायगढ़ में विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी समान महत्व दिया जा रहा है।

इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button