छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल को मिली नई पहचान, मुख्यमंत्री ने लॉन्च किया नया लोगो

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नया रायपुर स्थित सर्किट हाउस में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के नए लोगो का विमोचन किया। इस अवसर पर वर्ष 2025 के आवास मेले में घर बुक करने वाले हितग्राहियों को लकी ड्रा के जरिए कार, स्कूटी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एलईडी टीवी सहित कई आकर्षक पुरस्कार वितरित किए गए। नए लोगो के डिजाइनर अंशुल कश्यप को ढाई लाख रुपये की पुरस्कार राशि का चेक भी सौंपा गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर परिवार को पक्का घर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि अब गृह निर्माण मंडल केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अधोसंरचना विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। पिछले दो वर्षों में मंडल ने 7,388 संपत्तियों की बिक्री कर 1,532 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को स्वीकृति दी है और प्रदेश में अब तक 10.5 लाख से अधिक आवास पूरे हो चुके हैं। साथ ही सेवा सेतु, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना और बिजली बिल समाधान योजना जैसी जनहितकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया।

आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि प्रशासनिक सुधारों के चलते मंडल को नई पहचान मिली है और अब यह प्रदेश के अधोसंरचना विकास में अहम भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम में मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और हितग्राही मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button