राज्यपाल रमेन डेका ने बस्तर के वनांचल स्कूल को दिए 10 कंप्यूटर

राज्यपाल रमेन डेका ने शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल संसाधनों को बढ़ावा देने की दिशा में अहम पहल की है। उन्होंने अपने स्वेच्छानुदान मद से बस्तर जिले के विकासखंड दरभा के सुदूर वनांचल क्षेत्र स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, मांझीगुडा चिंगपाल को 10 कंप्यूटर उपलब्ध कराए हैं। इन कंप्यूटरों की स्वीकृति पहले ही दी जा चुकी थी।
लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रमेन डेका ने विद्यालय के लिए कंप्यूटरों का औपचारिक हस्तांतरण किया। इन कंप्यूटरों के माध्यम से वनांचल क्षेत्र के विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उनके ज्ञान व कौशल का विकास होगा।
कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, उप सचिव निधि साहू तथा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, मांझीगुडा (बस्तर) के प्राचार्य मौजूद रहे।



