छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

पीएम सूर्य घर योजना से बदली गौतम जंघेल के परिवार की तस्वीर, अब बिजली बिल होगा लगभग शून्य

खैरागढ़ जिले के ग्राम बुंदेली निवासी गौतम जंघेल का घर अब सौर ऊर्जा से रोशन हो गया है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत उनके घर पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप संयंत्र सफलतापूर्वक विद्युत ग्रिड से जोड़ा गया। इसके साथ ही परिवार को महंगे बिजली बिल से राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

सोलर संयंत्र के शुरू होते ही परिवार में खुशी का माहौल है। पहले हर महीने बिजली बिल की चिंता रहती थी, लेकिन अब छत पर लगा सौर संयंत्र हर महीने करीब 360 से 400 यूनिट बिजली का उत्पादन करेगा। इससे बिजली बिल लगभग शून्य के करीब पहुंच जाएगा और घरेलू खर्च में अच्छी-खासी बचत होगी।

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य आम लोगों को स्वच्छ, सस्ती और आत्मनिर्भर ऊर्जा उपलब्ध कराना है। योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी से सोलर रूफटॉप लगाना आसान हुआ है, जिससे बड़ी संख्या में लोग इस योजना का लाभ उठा रहे हैं।

गौतम जंघेल ने बताया कि सोलर संयंत्र से उन्हें आर्थिक राहत मिलने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान देने का अवसर मिला है। उन्होंने लोगों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि यह हर परिवार के लिए फायदेमंद पहल है।

सौर ऊर्जा को अपनाने की यह पहल ऊर्जा आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। गौतम जंघेल का घर अब स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग का प्रेरणादायक उदाहरण बन गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button