छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

सरगुजा पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान, टूर ऑपरेटर्स ने देखा अंबिकापुर के होटलों का आतिथ्य और इंफ्रास्ट्रक्चर

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने सरगुजा संभाग को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक अहम पहल की है। फेम ट्रिप शुरू होने से एक दिन पहले अंबिकापुर में देशभर से आए टूर ऑपरेटर्स और ट्रैवल एजेंट्स के लिए विशेष होटल भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य उन्हें क्षेत्र की आधुनिक आवासीय सुविधाओं, बेहतरीन आतिथ्य और पर्यटन के अनुकूल बुनियादी ढांचे से रूबरू कराना था, ताकि भविष्य में वे अधिक से अधिक पर्यटकों को सरगुजा आने के लिए प्रेरित कर सकें।

कार्यक्रम की शुरुआत होटल पर्पल आर्किड में पारंपरिक तिलक और स्वागत पेय के साथ हुई। यहां अतिथियों को होटल की आधुनिक सुविधाएं, आरामदायक कमरे, स्वादिष्ट व्यंजन, बैंक्वेट हॉल और अन्य सेवाओं का अवलोकन कराया गया। होटल प्रबंधन ने अपने आतिथ्य के जरिए सरगुजा की मेहमाननवाजी की समृद्ध परंपरा का परिचय भी दिया।

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने अंबिकापुर के प्रतिष्ठित होटल माखन विहार का दौरा किया। यहां भी आधुनिक आवासीय सुविधाओं, स्वच्छता और पर्यटकों के लिए उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी गई। टूर ऑपरेटर्स ने होटल की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे पर्यटन के लिए उपयुक्त बताया।

भ्रमण के बाद आयोजित हाई-टी के दौरान सरगुजा के प्रमुख पर्यटन स्थलों, प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों, जनजातीय संस्कृति और पर्यटन विकास की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। टूर ऑपरेटर्स और ट्रैवल एजेंट्स ने क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अपने सुझाव भी साझा किए।

प्रतिनिधियों ने कहा कि सरगुजा प्रकृति, संस्कृति और विरासत का अनूठा संगम है, जहां पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उनका मानना है कि इस तरह के परिचयात्मक भ्रमण से सरगुजा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी और देश-विदेश के अधिक पर्यटक इस क्षेत्र की ओर आकर्षित होंगे।

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड का यह प्रयास न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय होटल उद्योग, रोजगार सृजन और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति प्रदान करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button