कवर्धा में 171 मेधावी छात्रों का सम्मान, विजय शर्मा बोले- लक्ष्य के लिए पूरा प्राण लगा दो

कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के 171 मेधावी विद्यार्थियों के लिए यह दिन यादगार रहा। पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम, कवर्धा में आयोजित मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कक्षा 10वीं और 12वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि के चेक और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। कवर्धा में पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित इस समारोह में वनांचल क्षेत्र के विद्यालयों के प्रतिभावान विद्यार्थियों को भी सम्मान मिला।
समारोह में विजय शर्मा ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया और उनकी पढ़ाई, रुचियों तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में जाना। उन्होंने बच्चों के सवालों का जवाब देते हुए विषय को समझकर पढ़ाई करने पर जोर दिया। विद्यार्थियों को प्रेरक पुस्तकें भी भेंट की गईं। इस दौरान शर्मा ने विद्यार्थियों के साथ सेल्फी लेकर उनकी खुशियों में शामिल हुए। कार्यक्रम की एंकर अनुराधा दुबे ने भी अपने प्रेरक संबोधन से विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।
विजय शर्मा ने कहा कि कवर्धा की धरती प्रतिभाओं से भरी हुई है। मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर सम्मानित विद्यार्थी आने वाले समय में नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे और जिले व प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
कक्षा 10वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 5-5 हजार रुपये और कक्षा 12वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई। इसके साथ ही सभी चयनित विद्यार्थियों को प्रतीक चिन्ह प्रदान किए गए।
विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि जो करना है, उसे पूरे मन से करना चाहिए। लक्ष्य और जुनून के लिए पूरा प्रयास जरूरी है। संसाधनों की कमी को सफलता के रास्ते में बाधा नहीं बनने देना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा का इस्तेमाल समाज और राष्ट्रहित में करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि युवाओं में अपार ऊर्जा होती है और इस ऊर्जा का उपयोग देश को आगे बढ़ाने में होना चाहिए। विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग रहते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
संवाद के दौरान कक्षा 12वीं के छात्र राकेश जांगड़े ने पूछा कि विद्यार्थी जीवन में प्रथम स्थान हासिल करने के लिए किस तरह तैयारी की जाती थी। इस पर शर्मा ने कहा कि कक्षा में शिक्षक की बातों पर ध्यान देना और विषय को समझना जरूरी है। केवल रटने के बजाय विषय की समझ मजबूत करने से किसी भी प्रश्न का उत्तर आत्मविश्वास से दिया जा सकता है।
कक्षा 10वीं की छात्रा मृदुला श्रीवास्तव ने संसाधनों की कमी से जुड़ा सवाल किया। शर्मा ने कहा कि समय और संसाधनों की कमी किसी की प्रगति में बाधा नहीं बननी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षकों का सम्मान करने और कक्षा में पढ़ाए जा रहे विषय पर पूरा ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी।
समारोह में मेधावी विद्यार्थियों के साथ उनकी सफलता में योगदान देने वाले स्कूलों के प्राचार्यों और शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्षों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, पालक और विद्यार्थी मौजूद रहे।




