Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

जशपुर के ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर सड़क की सौगात, खरकट्टा-कोडेकेला मार्ग निर्माण के लिए 6.30 करोड़ मंजूर

Villagers in Jashpur to receive the gift of better roads; ₹6.30 crore sanctioned for the construction of the Kharkatta-Kodekela road.

जशपुर जिले के ग्रामीण और सुदूर इलाकों में सड़क संपर्क को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल खरकट्टा से कोडेकेला पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए 6 करोड़ 30 लाख 81 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।

स्वीकृत योजना के तहत करीब 6.20 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण पुल-पुलिया के साथ किया जाएगा। नई सड़क बनने से ग्रामीण क्षेत्रों की मुख्य मार्गों से कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों को सालभर आवागमन में सुविधा मिलेगी। खासकर बारिश के मौसम में जलभराव और रास्ते बाधित होने की समस्या से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिल सकेगी।

किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों को होगा फायदा

खरकट्टा-कोडेकेला मार्ग के निर्माण का सीधा लाभ क्षेत्र के किसानों को मिलेगा। वे अपनी कृषि उपज को आसानी से बाजार तक पहुंचा सकेंगे। वहीं विद्यार्थियों को स्कूल और अन्य शिक्षण संस्थानों तक आने-जाने में सहूलियत होगी। सड़क बेहतर होने से मरीजों और उनके परिजनों को भी स्वास्थ्य केंद्रों तथा जरूरी सेवाओं तक समय पर पहुंचने में मदद मिलेगी।

इसके साथ ही सड़क निर्माण से स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है। मजबूत सड़क नेटवर्क गांवों को केवल शहरों और मुख्य मार्गों से नहीं जोड़ता, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि और व्यापार के नए अवसर भी पैदा करता है।

बरसात में नहीं रुकेगा आवागमन

पुल-पुलिया के साथ सड़क निर्माण होने से वर्षा ऋतु में जलभराव और मार्ग बाधित होने जैसी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है। इससे ग्रामीणों को पूरे वर्ष बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी और आसपास के गांवों तथा प्रमुख क्षेत्रों के बीच संपर्क और अधिक मजबूत बनेगा।

परियोजना को मिली मंजूरी के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से आवागमन से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन सड़क निर्माण से बड़ी राहत मिलेगी। लोगों ने उम्मीद जताई है कि इस मार्ग के तैयार होने के बाद क्षेत्र में कृषि, व्यापार, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी और ग्रामीण विकास को मजबूती मिलेगी।