छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

छत्तीसगढ़ में भर्ती प्रक्रिया को मिलेगी रफ्तार! मुख्य सचिव विकासशील ने खाली पदों और 2027 की भर्तियों का लिया बड़ा अपडेट

छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरियों से जुड़े खाली पदों को भरने की दिशा में प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। मुख्य सचिव विकासशील ने गुरुवार को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य शासन के सभी विभागों के भारसाधक सचिवों की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विभागों में स्वीकृत, भरे और रिक्त पदों की विभागवार स्थिति का विस्तृत जायजा लिया।

बैठक में मुख्य सचिव ने छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (व्यापमं) द्वारा आयोजित की जा रही भर्ती परीक्षाओं और विभागों की ओर से भेजे गए इंडेंट यानी मांग पत्रों की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही विभिन्न विभागों में लंबे समय से रिक्त पदों को भरने के लिए वित्त विभाग से मिली सहमति, पहले से विज्ञापित पदों की स्थिति और अब तक हुई नियुक्तियों की समीक्षा की गई।

बैठक में वर्ष 2027 के लिए सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा अधिसूचित किए जाने वाले संभावित पदों पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा सभी विभागों के भर्ती नियमों को अद्यतन करने की प्रक्रिया की स्थिति की भी गहन समीक्षा की गई।

इस उच्च स्तरीय बैठक का मुख्य उद्देश्य सरकारी विभागों में भर्ती प्रक्रिया को तेज करना, रिक्त पदों की स्थिति को स्पष्ट करना और आने वाले वर्षों के लिए नियुक्तियों की ठोस एवं व्यवस्थित रूपरेखा तैयार करना रहा।

बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह, नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चम्पावत, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, मुख्यमंत्री एवं खनिज विभाग के सचिव पी. दयानंद, कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया और परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

माना जा रहा है कि इस समीक्षा के बाद रिक्त पदों की भर्ती, विभागीय नियमों के अपडेट और भविष्य की नियुक्तियों को लेकर राज्य सरकार की प्रक्रिया में तेजी देखने को मिल सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button