छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को मिला 16वां मुख्य न्यायाधीश, कृष्ण राम महापात्र ने ली पद की शपथ

छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया है। राज्यपाल रमेन डेका ने लोकभवन के छत्तीसगढ़ मण्डपम् में आयोजित गरिमामय समारोह में न्यायाधीश कृष्ण राम महापात्र को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई। इसके साथ ही कृष्ण राम महापात्र छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के 16वें मुख्य न्यायाधीश बन गए।
शपथ ग्रहण से पहले कृष्ण राम महापात्र उड़ीसा हाईकोर्ट में वरिष्ठ न्यायाधीश के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। समारोह के दौरान राज्यपाल रमेन डेका ने राष्ट्रपति द्वारा जारी मूल वारंट की प्रति नए मुख्य न्यायाधीश को सौंपी और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री तोखन साहू, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व राज्यपाल रमेश बैस सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
समारोह में मुख्य न्यायाधीश कृष्ण राम महापात्र की पत्नी अनिता महापात्र सहित छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के न्यायाधीशगण भी उपस्थित थे। शपथ ग्रहण समारोह का संचालन मुख्य सचिव विकास शील ने किया और राष्ट्रपति द्वारा जारी वारंट का वाचन किया।
कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, प्रमुख सचिव गृह निहारिका बारिक, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, महाधिवक्ता विवेक शर्मा, हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ अधिकारी और अधिवक्ता उपस्थित रहे।




