सेवा संकल्प अभियान को लेकर मंत्री दयाल दास बघेल ने कसी कमर, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे जनभागीदारी के बड़े आयोजन

छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस एक माह के अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ प्रभावी और सफल बनाया जाए।
दयाल दास बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा, नेतृत्व और समर्पण की यात्रा के प्रति आभार व्यक्त करने तथा विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से यह अभियान आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अभियान की तिथिवार कार्ययोजना के अनुसार सभी कार्यक्रम समय पर पूरे किए जाएं और विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित हो।
उन्होंने कहा कि अभियान केवल जिला मुख्यालय तक सीमित न रहे, बल्कि जनपद पंचायत, तहसील, नगर पंचायत, प्रमुख कस्बों और ग्राम पंचायत स्तर तक गतिविधियां आयोजित की जाएं। इसमें जनप्रतिनिधियों के साथ सामाजिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं, शैक्षणिक संस्थान, स्व-सहायता समूह, युवा, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और समाज के सभी वर्गों को जोड़ा जाए।
मंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों के जीवन में आए बदलाव को ‘सेवा की कहानी’ के रूप में सामने लाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि हितग्राहियों के वास्तविक अनुभव और सफलता की प्रेरक कहानियां अभियान को जनसरोकार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद ने बताया कि अभियान की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। विभिन्न स्तरों पर बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं और दिन एवं तिथिवार कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है। अभियान के सुचारु संचालन के लिए विभागवार नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ से शुरुआत
‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके जरिए नागरिकों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा के प्रति आभार व्यक्त करने और विकसित भारत-2047 के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। जिले के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक, पुरातात्विक, विरासत और सार्वजनिक महत्व वाले स्थलों पर भी विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
‘मेरे सपनों का भारत’ में दिखेगी नई पीढ़ी की सोच
17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक सरकारी और निजी विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ पहल के तहत ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें विकसित भारत की कल्पना और 25 वर्षों की सेवा यात्रा को विषय बनाया जाएगा। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित करने के साथ बच्चों की रचनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
नुक्कड़ नाटकों से पहुंचेगी ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’
अभियान के दौरान ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ के तहत नुक्कड़ नाटक और जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनके जरिए सरकारी योजनाओं, सेवा कार्यों और आम लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की जानकारी सरल तरीके से लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
‘आंगन मिलन सेवा’ में माताओं और बच्चों की भागीदारी
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ आयोजित होगी। इसमें माताओं और बच्चों की सहभागिता के साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण और महिला-बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘सेवा मेरा योगदान’ से जुड़ेंगे नागरिक
अभियान में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ सहित विभिन्न जनभागीदारी यात्राओं का आयोजन किया जाएगा। वहीं ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक नागरिकों और संस्थाओं को सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। नदी-घाटों की स्वच्छता सहित विभिन्न जनहित के कार्यों में युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
‘सरकार आपके द्वार’ से योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत विधानसभा और विकासखंड स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने, उन्हें योजनाओं से जोड़ने और जरूरी सहायता उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।
इसके अलावा विकसित भारत संकल्प यात्रा, जल जन सेवा संकल्प, रंगोली राष्ट्र/भारत मंडल, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज और जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। प्रशासन की तैयारी है कि इन आयोजनों के जरिए ‘सेवा संकल्प अभियान’ को व्यापक जनभागीदारी के साथ जिले में जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए।




