छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

नवा रायपुर में गूंजा गोल्फ का जलवा, छत्तीसगढ़ को मिला नया स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन बनने का दम

छत्तीसगढ़ अब सिर्फ क्रिकेट और पारंपरिक खेलों तक सीमित नहीं है, बल्कि तेजी से देश के उभरते हुए स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। खेल अधोसंरचना के विस्तार, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की मेजबानी के बीच नवा रायपुर में प्रोफेशनल गोल्फ का बड़ा टूर्नामेंट प्रदेश की खेल यात्रा में नया अध्याय जोड़ रहा है।

नवा रायपुर स्थित फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह आयोजन आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ की नई पहचान बन सकता है। उनका कहना है कि इससे नवा रायपुर को देश-दुनिया के प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया और देश-विदेश से पहुंचे प्रोफेशनल गोल्फ खिलाड़ियों का स्वागत किया। 1983 विश्वकप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष कपिल देव की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया। मुख्यमंत्री ने खुद भी गोल्फ खेलकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

132 खिलाड़ी, 18 विदेशी चेहरे

‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ में देश-विदेश के 132 प्रोफेशनल खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 18 विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने इसे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर बताते हुए कहा कि इतने बड़े स्तर के खिलाड़ियों का प्रदेश में पहुंचना यहां तैयार हो रहे खेल माहौल को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि बड़े खेल आयोजन सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं रहते। इससे प्रदेश की पहचान मजबूत होती है, खेल पर्यटन को बढ़ावा मिलता है और स्थानीय युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों से सीखने और प्रेरणा लेने का मौका मिलता है।

फिल्मों में देखा गोल्फ, अब छत्तीसगढ़ कर रहा मेजबानी

मुख्यमंत्री साय ने गोल्फ से जुड़ी पुरानी यादें साझा करते हुए कहा कि एक समय गोल्फ को लोग फिल्मों में ही देखते थे। आज वही छत्तीसगढ़ प्रोफेशनल गोल्फ के बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह बदलते छत्तीसगढ़ और प्रदेश में तेजी से विकसित हो रही खेल संस्कृति का संकेत है।

उन्होंने गोल्फ को पहले उद्योगपतियों और संपन्न वर्ग से जुड़ा खेल माने जाने का जिक्र करते हुए कहा कि अब इसका दायरा लगातार बढ़ रहा है। सरकार गोल्फ को प्रोत्साहित करने और बड़े टूर्नामेंट के आयोजन के लिए हरसंभव सहयोग करेगी।

खेल प्रतिभाओं के लिए बढ़ रहे अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और आत्मविश्वास से जोड़कर आगे बढ़ा रही है। खेल अधोसंरचना का विस्तार किया जा रहा है और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण तथा बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने पर जोर है।

मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के जरिए प्रदेश की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में काम किया जा रहा है। बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों ने दूरदराज के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दिया है।

बस्तर में खेल के मैदानों से बदल रही तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में शांति और विकास के साथ युवाओं के सपनों को नई उड़ान मिल रही है। कभी हिंसा और नक्सलवाद के लिए पहचाने जाने वाले क्षेत्रों में अब युवा खेल मैदानों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके मुताबिक बस्तर ओलंपिक इस सकारात्मक बदलाव की बड़ी तस्वीर पेश करता है।

गोल्फ के साथ पर्यटन का भी न्योता

मुख्यमंत्री ने देश-विदेश से आए खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और पर्यटन स्थलों को देखने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी यहां से लौटते समय सिर्फ टूर्नामेंट की यादें नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के आतिथ्य और खूबसूरत पर्यटन स्थलों की यादें भी साथ लेकर जाएं।

उन्होंने बस्तर के चित्रकोट जलप्रपात और सरगुजा की प्राकृतिक सुंदरता का उल्लेख करते हुए खिलाड़ियों से प्रदेश को करीब से जानने की अपील की।

हर साल हो गोल्फ टूर्नामेंट: कपिल देव

प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष कपिल देव ने आयोजन में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री और छत्तीसगढ़ सरकार का आभार जताया। उन्होंने इच्छा जताई कि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन छत्तीसगढ़ में हर साल होना चाहिए और इसकी तारीखें पहले से तय की जानी चाहिए, ताकि देश-विदेश के खिलाड़ी अपने टूर्नामेंट कैलेंडर के अनुसार यहां आने की योजना बना सकें।

कपिल देव ने कहा कि छत्तीसगढ़ का वातावरण गोल्फ के लिए अनुकूल है और आने वाले समय में प्रदेश दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता की तरह प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन बन सकता है।

पीजीटीआई के सीईओ अमनदीप चहल ने भी छत्तीसगढ़ में खिलाड़ियों को मिलने वाले स्वागत, बेहतर वातावरण और गोल्फ कोर्स की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी यहां दोबारा आकर खेलने की इच्छा जताते हैं।

‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ के जरिए नवा रायपुर अब राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय गोल्फ मानचित्र पर अपनी जगह बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। लगातार हो रहे बड़े खेल आयोजनों और विकसित होती खेल सुविधाओं के बीच छत्तीसगढ़ का लक्ष्य अब सिर्फ खेल प्रतिभाएं तैयार करना नहीं, बल्कि देश के प्रमुख स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना भी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button