सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों पर अरुण साव ने कसी कमर, नगरीय निकायों को जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश

उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की। नवा रायपुर स्थित विश्राम भवन में आयोजित वर्चुअल बैठक में प्रदेशभर के नगर निगमों के महापौर और आयुक्त, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के अध्यक्ष तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ की गतिविधियों, विभागीय समन्वय, जनभागीदारी और प्रचार-प्रसार की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। अरुण साव ने सभी नगरीय निकायों को अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने के साथ विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन से जोड़ना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी उन्होंने जोर दिया।
अरुण साव ने अभियान की गतिविधियों के प्रभावी दस्तावेजीकरण के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक आयोजन की फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जाए। इन गतिविधियों की रील तैयार कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की जाए, ताकि अभियान का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे।
उन्होंने ‘सेवा की कहानी’ के तहत योजनाओं से लाभान्वित वास्तविक हितग्राहियों की प्रेरणादायी कहानियों को सामने लाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही ‘सेवा सेतु अभियान’ के जरिए नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने और योजनाओं की जानकारी एवं सुविधाएं एक स्थान पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘सेवा की कहानी’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘रंगोली राष्ट्र’ और ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ सहित विभिन्न गतिविधियों की तैयारियों की समीक्षा की गई। अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ के साथ प्रस्तावित है।
बैठक में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ की गतिविधियों को भी जनभागीदारी के साथ संचालित करने पर जोर दिया गया। अरुण साव ने नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए।
उन्होंने ऐसे स्थानों को चिन्हित कर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने को कहा, जहां परिणाम स्पष्ट रूप से दिखाई दे सकें। साथ ही अभियान से पहले और बाद की स्थिति का रिकॉर्ड तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि स्वच्छता कार्यों से आए बदलावों को सामने लाया जा सके।
उप मुख्यमंत्री ने अभियान की नियमित निगरानी, समयबद्ध क्रियान्वयन और बेहतर विभागीय समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ सेवा भावना, जनभागीदारी और विकास के संकल्प को जमीनी बदलाव से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बने।




