जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले की परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जिला मुख्यालय जशपुरनगर में 11 करोड़ 83 लाख 62 हजार रुपये की लागत से हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण किया जाएगा। परियोजना को स्वीकृति मिल चुकी है और फिलहाल इसकी टेंडर प्रक्रिया जारी है।
करीब तीन एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाला यह आधुनिक बस टर्मिनल जिले के सार्वजनिक परिवहन की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। लंबे समय से आधुनिक बस स्टैंड की मांग कर रहे जिलेवासियों को इस परियोजना से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
एक साथ 40 बसों के ठहराव की होगी व्यवस्था
जशपुरनगर के वार्ड क्रमांक 8 स्थित पुराने मवेशी बाजार परिसर में इस हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण प्रस्तावित है। यहां एक साथ 35 से 40 बसों के खड़े होने की व्यवस्था विकसित की जाएगी। इससे बसों का संचालन व्यवस्थित होगा और यात्रियों को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण मिल सकेगा।
जशपुर बस स्टैंड से प्रतिदिन 100 से अधिक बसों का आवागमन होता है, जबकि पांच हजार से अधिक यात्री यहां से सफर करते हैं। यहां से छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों के साथ झारखंड, ओडिशा, बिहार और पश्चिम बंगाल के लिए भी बस सेवाएं संचालित होती हैं।
वेटिंग हॉल, लिफ्ट और डिजिटल स्क्रीन से लैस होगा टर्मिनल
प्रस्तावित बस स्टैंड में यात्रियों की सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। यहां आधुनिक प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, लिफ्ट, आधुनिक शौचालय और डिजिटल सूचना स्क्रीन की व्यवस्था होगी। डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से यात्रियों को बसों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी मिल सकेगी।
इसके अलावा परिसर में 40 दुकानों का निर्माण भी प्रस्तावित है। इससे यात्रियों को जरूरी सामान और सेवाएं उपलब्ध होने के साथ स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। परियोजना से रोजगार के नए अवसर पैदा होने की भी संभावना है।
महिलाओं, बुजुर्गों और ग्रामीण यात्रियों को मिलेगी राहत
जशपुरनगर जिले का प्रमुख प्रशासनिक और व्यापारिक केंद्र है। आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में लोग शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए यहां पहुंचते हैं। आधुनिक बस टर्मिनल बनने से इन यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। व्यवस्थित बस संचालन से शहर की यातायात व्यवस्था को भी राहत मिलेगी।
कुनकुरी और पत्थलगांव में भी बनेंगे आधुनिक बस स्टैंड
जशपुरनगर के साथ कुनकुरी और पत्थलगांव में भी अत्याधुनिक बस स्टैंड निर्माण की स्वीकृति दी जा चुकी है। वहीं बंदरचुआ और दुलदुला में एक-एक करोड़ रुपये की लागत से बस स्टैंड का निर्माण कार्य किया जा रहा है।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से जशपुर जिले में सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं का विस्तार होगा। आधुनिक बस स्टैंड न केवल यात्रियों की सहूलियत बढ़ाएंगे, बल्कि स्थानीय व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति देंगे।
ये खबर भी पढ़ें —:




