Cartoons do not just make people laugh; they also hold up a mirror to democracy: CM Vishnu Deo Sai.

कार्टून सिर्फ हंसाते नहीं, लोकतंत्र का आईना भी दिखाते हैं: सीएम विष्णुदेव साय

रायपुर। कार्टून महज हंसने-हंसाने का जरिया नहीं, बल्कि समाज की सच्चाइयों और लोकतंत्र की ताकत को सामने लाने वाला प्रभावशाली माध्यम भी है। एक छोटा सा कार्टून कई बार उन गंभीर मुद्दों को बखूबी बयां कर देता है, जिन्हें हजारों शब्दों में समझाना मुश्किल होता है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर में आयोजित कार्टून फेस्टिवल-2026 में यह बात कही।

कार्टून वॉच पत्रिका की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्टून कला में हास्य, व्यंग्य, विचार और सामाजिक सरोकारों का अनूठा संगम देखने को मिलता है। कार्टूनिस्ट अपनी कल्पनाशीलता और सूक्ष्म दृष्टि से समाज की घटनाओं को इस तरह प्रस्तुत करते हैं कि उनका प्रभाव लंबे समय तक लोगों के मन में बना रहता है।

मुख्यमंत्री ने महान कार्टूनिस्ट आर.के. लक्ष्मण को याद करते हुए उनके चर्चित किरदार ‘कॉमन मैन’ का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह किरदार देश के आम नागरिक की उम्मीदों, चिंताओं और अपेक्षाओं का प्रतीक बन गया। भारतीय पत्रकारिता और कार्टून कला में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।

सीएम साय ने बस्तर सहित प्रदेश के दूरस्थ इलाकों में कार्टून कला को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने जयपुर के प्रसिद्ध कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड मिलने पर बधाई दी और युवा कलाकारों से डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग कर अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व, नेतृत्व और सेवा यात्रा पर आधारित कार्टून कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया।

वहीं, कार्टून वॉच पत्रिका के प्रकाशन के 30 वर्ष पूरे होने और 31वें वर्ष में प्रवेश पर मुख्यमंत्री ने संपादक त्र्यंबक शर्मा सहित पूरी टीम को बधाई दी। लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी कार्टून कला को सामाजिक विसंगतियों और गंभीर मुद्दों को सरल तरीके से सामने लाने का सशक्त माध्यम बताया।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ऐसे आयोजन प्रदेश की नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के साथ कला और समाज के बीच सार्थक संवाद को मजबूत करेंगे।

Advertisement Carousel
4rtheye web Desk
4rtheye web Desk
Articles: 18526

Leave a Reply