नईदिल्ली : विशिष्ट पदक के लिए छत्तीसगढ़ के डीआईजी (जेल) होंगे सम्मानित
नई दिल्ली : इस बार गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने देश में जेलों के सुधार के लिए भी पदकों के सम्मान देने की मंजूरी दी गई है, जिसमें छत्तीसगढ़ जेल मुख्यालय के डीआईजी डा. के.के. गुप्ता को विशिष्ट पदक से सम्मानित किया जाएगा। जबकि दूसरे वर्ग के पुरस्कार में सराहनीय सेवाओं के लिए देश की विभिन्न जेलों के अधिकारियों को भी पदक दिये जाएंगे।
गृह मंत्रालय के अनुसार राष्ट्रपति ने मंत्रालय के प्रस्ताव को मंजूरी दी है, जिसमें जेलों की सुधारात्मक सेवाओं के लिए दो विशिष्ट पदक और 38 सराहनीय सेवा पदक दिये जाएंगे। दो बडे पुरस्कारों में छत्तीसगढ़ बंदी-गृह मुख्यालय के डीआईजी डा. के.के. गुप्ता का नाम भी शामिल है। वहीं सराहनीय सेवाओं में भी दो पुरस्कार छत्तीसगढ़ को दिये जाएंगे, जिनमें एक रायपुर की केंद्रीय जेल के वार्डर रामलाल साहू और दूसरा उप जेल सूरजपुर के प्रमुख वार्डर कुलदीप राम दिवाकर प्रदान किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ के नाम 21 पुलिस पदक
केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस पर प्रदान किये गये तीन श्रेणी के पुरस्कारों में 795 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारी शामिल हैं, जिनमें 21 पुलिस अधिकारी व कर्मचारी छत्तीसगढ़ राज्य से हैं, जिनमें दस को वीरता के लिए पुलिस पदक का सम्मान मिला है। गृह मंत्रालय से मिली जानकारी के मुताबिक कुल 795 पुरस्कारों में 107 पुलिसकर्मियों को पुलिस वीरता पदक, 75 पुलिसकर्मियों को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक और 613 पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिस पदक प्रदान किए गए हैं। 107 वीरता पुरस्कारों में नक्सल प्रभावित राज्यों में छत्तीसगढ़ में 10 पुलिस वीरता पदक हासिल करने वालों में छह पदक पुलिस अधीक्षक कन्हैयालाल ध्रुव, निरीक्षक चाणक्य नाग तथा उप निरीक्षक मनोज सिंह के अलावा हैडकांस्टेबल रोहत कुमार सोरी व मनोज कुमार बघेल, कांस्टेबल राजमन नेताम, किरण कुमार देशमुख, मोहन सिंह उइके तथा राजकुमार मरकम को मरणोपरांत दिया गया है।
इसके साथ ही छत्तीसगढ़ के 11 पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिस पदक प्रदान किये गये, जिनमें दंतेवाडा में सीएएफ के कमांडेंट शंकरलाल बघेल, छत्तीसगढ़ आम्र्ड फोर्स बिलासपुर के प्लाटून कंमांडर ईश्वर प्रसाद मिश्रा, स्पेशल ब्रांच रायपुर के इंस्पेक्टर अजय कुमार लाकरा, दंतेवाडा में भांसी पुलिस स्टेशन के एएसआई फगूराम लहरे, सरगुजा में सीएएफ के सेक्शन कमांडर प्रदीप कुमार कश्यप, रामानुजगंज बलारामपुर के एपीसी मैक्सीमिनियस टिर्की, बस्तर में दर्भा पुलिस स्टेशन के हैडकांस्टेबल राधेलाल कोराम, वीआईपी सुरक्षा बटालियन रायपुर हैडकांस्टेबल विजय कुमार चौबे, दुर्ग पुलिस स्टेशन के हैडकांस्टेबल सत्यनारायण शर्मा, धमतरी पुलिस लाइन के हैडकांस्टेबल रामावतार सिंह राजपूत तथा राजनांदगांव जिला यातायात पुलिस के हैडकांस्टेबल शेष नारायण देवांगन को उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिस पदक का सम्मान दिया गया है।