A massive public grievance redressal camp was organised at Katai in Bemetara, where ration cards, house keys and honorarium were distributed on the spot.

बेमेतरा के कटई में लगा विशाल जनसमस्या निवारण शिविर, मौके पर बांटे राशन कार्ड, आवास की चाबियां और सम्मान राशि

रायपुर। सुशासन तिहार 2026 के तहत बेमेतरा जिले के नवागढ़ विकासखंड के ग्राम कटई में विशाल जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शासकीय हाई स्कूल मैदान में आयोजित इस शिविर में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयाल दास बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने राशन कार्ड, आवास, बिजली, पेयजल, पेंशन और कृषि से जुड़ी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं, जिनमें कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया।

शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र हितग्राहियों को तत्काल लाभ पहुंचाया। खाद्य विभाग ने नए राशन कार्ड वितरित किए, जबकि पंचायत विभाग ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को नए मकानों की चाबियां सौंपीं। स्वास्थ्य विभाग ने वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान वय वंदन कार्ड प्रदान किए। महिला एवं बाल विकास विभाग ने नोनी सुरक्षा योजना और सुकन्या समृद्धि योजना के प्रमाण पत्र वितरित कर बेटियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का भी सम्मान किया गया। 12वीं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले 10 विद्यार्थियों को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई, जबकि 10वीं के 27 मेधावी छात्रों को 5-5 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया। मंत्री दयाल दास बघेल ने विद्यार्थियों को मेहनत जारी रखने और जिले-प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार प्रशासन को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि लोगों को छोटी समस्याओं के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने ग्रामीणों से अपनी समस्याएं लिखित आवेदन के जरिए देने की अपील की।

अधिकारियों को संबोधित करते हुए मंत्री ने स्पष्ट कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और काम केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने जनसमस्याओं के त्वरित और संवेदनशील समाधान के निर्देश दिए।

अपने संबोधन में मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास, पेयजल व्यवस्था, आवास निर्माण और किसानों को उचित मूल्य दिलाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 18 लाख आवास निर्माण का लक्ष्य रखा गया है और किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर पर धान खरीदी की जा रही है। साथ ही महतारी वंदन योजना, आयुष्मान योजना और राशन वितरण जैसी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई।

4rtheye web Desk
4rtheye web Desk
Articles: 18503

Leave a Reply