अंतरिक्ष विज्ञान की ओर बढ़ा एक कदम: जशपुर में सैटेलाइट वर्कशॉप से छात्रों को मिला नया अनुभव

रायपुर। अंतरिक्ष विज्ञान में नवाचार और रुचि को बढ़ावा देने के लिए जशपुर जिले में एक अनूठी स्टूडेंट सैटेलाइट ट्रेनिंग वर्कशॉप आयोजित की गई।
इस वर्कशॉप में विद्यार्थियों को सैटेलाइट निर्माण, उसके प्रमुख घटकों, लॉन्चिंग से लेकर डिप्लॉयमेंट तक की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने सौर पैनल, बैटरी, एंटीना, ऑनबोर्ड कंप्यूटर, सेंसर, थर्मल कंट्रोल और दिशा नियंत्रण जैसी तकनीकों को नजदीक से समझा।
छात्रों ने माइक्रो सैटेलाइट और क्यूब सैट जैसी श्रेणियों, उपग्रहों की कक्षा, गति और उपयोग, मौसम पूर्वानुमान, संचार, भू-मानचित्र और सैटेलाइट डेटा के व्यावहारिक प्रयोगों पर भी जानकारी प्राप्त की।
जिले के 50 होनहार छात्रों ने इस कार्यक्रम में भाग लेकर वैज्ञानिकों से संवाद किया और प्रोटोटाइप निर्माण में भागीदारी की।
इस पहल का आयोजन कलेक्टर रोहित व्यास, सीईओ अभिषेक कुमार और शिक्षा अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुआ।
इग्नाइटिंग ड्रीम्स ऑफ यंग माइंड्स फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में रत्नेश मिश्रा, शिव सिंह भदोरिया, प्रेम प्रकाश देवांगन और दुर्गेश कुमार की अहम भूमिका रही।
इसरो से पंजीकृत यह संस्था अब तक 5 लाख से अधिक छात्रों को अंतरिक्ष विज्ञान से जोड़ चुकी है, और छत्तीसगढ़ में इसकी अपनी अंतरिक्ष प्रयोगशाला भी है।
यह अभिनव कार्यक्रम न केवल विज्ञान के प्रति रुचि जगा रहा है, बल्कि बच्चों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और टीमवर्क की भावना भी विकसित कर रहा है।