छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

जगदलपुर में बनेगा अत्याधुनिक नालंदा परिसर, बस्तर के छात्रों को मिलेगी 24×7 पढ़ाई की सुविधा

रायपुर। बस्तर के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। जगदलपुर स्थित शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय परिसर में प्रस्तावित ‘नालंदा परिसर’ का भूमिपूजन किया गया। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि इस परिसर के बनने से बस्तर के छात्रों को आधुनिक और बेहतर अध्ययन सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 14 नगर निगम क्षेत्रों में ऐसे परिसर विकसित किए जा रहे हैं, ताकि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक माहौल मिल सके।

करीब 11 करोड़ 59 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस नालंदा परिसर में 500 सीटों की व्यवस्था, 24 घंटे सातों दिन अध्ययन सुविधा, वाई-फाई, पार्किंग, गार्डन, स्मार्ट लाइब्रेरी और स्टडी जोन जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यहां हजारों किताबों के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर की ई-बुक्स तक पहुंच भी छात्रों को मिलेगी। प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे सिविल सर्विसेज, मेडिकल, इंजीनियरिंग, क्लैट और मैथ्स ओलिंपियाड की तैयारी के लिए भी विशेष अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम में युवाओं को समय का सदुपयोग कर अपने लक्ष्य हासिल करने का संदेश दिया गया। स्थानीय विधायक किरण देव ने कहा कि यह परिसर बस्तर के युवाओं के भविष्य को नई दिशा देगा और विद्यार्थी यहां 24 घंटे पढ़ाई कर अपने सपनों को आकार दे सकेंगे। उन्होंने निर्माण कार्य को तय समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया। इस मौके पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी, प्राध्यापक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button