नोएडा की 68 मंजिला इमारत में दर्दनाक हादसा, 43वें फ्लोर से युवक ने लगाई छलांग

नोएडा के सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा सोसाइटी के एस्पायर टावर में शनिवार को एक युवक की मौत से सनसनी फैल गई। 29 वर्षीय संभव जैन ने कथित तौर पर बिल्डिंग की 43वीं मंजिल से छलांग लगा दी। यह इमारत करीब 68 मंजिल ऊंची है।
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक रेलिंग के पास दिखाई देता है। बताया जा रहा है कि उसने कुछ समय तक रेलिंग पर रहने के बाद नीचे छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद चार युवकों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वे उसे बचाने में सफल नहीं हो सके।
युवक के नीचे गिरने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शुरुआती जांच में आर्थिक परेशानी को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, आत्महत्या के कारणों की वास्तविक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस युवक की आर्थिक स्थिति, पारिवारिक परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।
घटना के बाद सोसाइटी में भी लोगों के बीच दहशत का माहौल है। पुलिस वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।




