सोशल मीडिया पर मधुबाला के विवाद के बीच, एक और इंफ्लुएंसर रश्मि साहू बोलीं – पूजा बिहार का हो या छत्तीसगढ़ की, मेरे लिए…

Amid the controversy surrounding Madhubala on social media, another influencer, Rashmi Sahu, remarked—whether the 'puja' (ritual/worship) is from Bihar or Chhattisgarh, for me...
आर्टिकल अच्छा लगे तो शेयर करें

रायपुर। छत्तीसगढ़ में छठ पूजा और क्षेत्रीय अस्मिता को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सोशल मीडिया पर एक नई बहस का रूप लेता दिखाई दे रहा है। एक ओर सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर मधुबाला गिरी के छत्तीसगढ़िया समाज को लेकर दिए गए विवादित बयान पर प्रदेशभर में नाराजगी है, वहीं दूसरी ओर छत्तीसगढ़ की सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर रश्मि साहू की एक पोस्ट चर्चा में है। रश्मि साहू ने छठ पूजा की अपनी तस्वीरें साझा करते हुए स्पष्ट किया कि उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि छठ पूजा बिहार की है या छत्तीसगढ़ की। उनके लिए यह सूर्यदेव और गंगा मैया की पूजा है और इसी भावना के साथ वह आराधना करती हैं।

मधुबाला गिरी के बयान से शुरू हुआ विवाद

दरअसल, रायपुर रेलवे स्टेशन पर छठी मैया के गीत बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे छत्तीसगढ़ और बिहार की सांस्कृतिक पहचान तक पहुंच गया। इस मामले में मधुबाला गिरी नाम की महिला ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर छठ गीतों का विरोध करने वालों पर नाराजगी जताई थी। हालांकि, इस दौरान छत्तीसगढ़ और यहां के लोगों को लेकर की गई उनकी टिप्पणियों ने विवाद खड़ा कर दिया। उनके बयान में छत्तीसगढ़ की पहचान पर सवाल उठाने और चप्पल से मारने जैसी आक्रामक भाषा के इस्तेमाल को लेकर विरोध हुआ।

ये खबर भी पढ़ें – छठ विवाद में मधुबाला गिरी ने 24 घंटे में दो बार मांगी माफी, बोलीं – मां भी बात नहीं कर रही है

मामला बढ़ने के बाद मधुबाला ने दूसरा वीडियो जारी कर सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनका विरोध पूरे छत्तीसगढ़ से नहीं, बल्कि छठ पूजा का विरोध करने वालों से था। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनकी बातों से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह माफी मांगती हैं। इसके बावजूद विवाद शांत नहीं हुआ है। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने प्रदेश के कई थानों में ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी की ओर से भी पुलिस कमिश्नर से शिकायत कर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

रश्मि साहू ने क्या लिखा ?

इसी विवाद के बीच रश्मि साहू ने छठ पूजा के दौरान अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। पोस्ट में उन्होंने लिखा—

“मुझे फर्क नहीं पड़ता कि वह पूजा बिहार का है या छत्तीसगढ़िया का। मैं बस इतना मानती हूं कि सूर्य देव और गंगा मैया की पूजा है। यह समझ कर मैं पूजा करती हूं।”

उनकी इस पोस्ट के साथ छठ पूजा के दौरान की तस्वीरें भी सामने आईं। तस्वीरों में वह अपने पति के साथ पूजा-अर्चना करती नजर आ रही हैं।

रश्मि की इस पोस्ट का संदेश स्पष्ट था कि पूजा और आस्था को किसी एक प्रदेश या समुदाय की सीमा में बांधकर नहीं देखा जाना चाहिए। हालांकि, उनकी पोस्ट पर आए कमेंट्स ने दिखाया कि इस मुद्दे पर लोगों की राय अब भी बंटी हुई है।

कमेंट बॉक्स में समर्थन भी, सवाल भी और तीखी टिप्पणियां भी

रश्मि साहू की पोस्ट पर बड़ी संख्या में लोगों ने प्रतिक्रिया दी। कुछ लोगों ने उनके विचारों का समर्थन करते हुए कहा कि पूजा किसी एक क्षेत्र विशेष की नहीं होती। एक यूजर ने लिखा कि पूजा किसी क्षेत्र विशेष की नहीं होती, यह सभी की होती है। वहीं एक अन्य यूजर ने कहा कि सनातन धर्म एवं संस्कृति को जो मानता है, वह सभी हिंदू त्योहारों का सम्मान करता है।

एक यूजर ने लिखा कि छत्तीसगढ़ में रहने वाले बिहारी भी स्थानीय हिंदू त्योहारों को मानते हैं और छठ जैसे पर्व को भी स्थानीय लोग अपनी आस्था के साथ मनाते हैं। वहीं कुछ लोगों ने रश्मि की पोस्ट को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान और आपसी सद्भाव से जोड़कर देखा।

दूसरी ओर, कुछ यूजर्स ने उनसे सवाल किया कि क्या छत्तीसगढ़ में सभी वर्गों के लोग सभी त्योहार मनाते हैं? कुछ ने सीधे उनकी क्षेत्रीय पहचान पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या वह बिहारी हैं? एक टिप्पणी में तो यहां तक लिखा गया कि छत्तीसगढ़िया तो नहीं हो सकते।

कमेंट बॉक्स में कुछ लोगों ने बिहारी और छत्तीसगढ़िया पहचान को लेकर तंज भी कसे। किसी ने ‘एक बिहारी सौ बीमारी’ जैसी टिप्पणी की तो किसी ने छठ पूजा को लेकर व्यंग्य किया। वहीं कुछ लोगों ने यह सवाल भी उठाया कि यदि छत्तीसगढ़ में दूसरे प्रदेशों के लोग यहां के त्योहारों और संस्कृति का सम्मान करते हैं, तो उन्हें भी स्थानीय परंपराओं का सम्मान करना चाहिए।

बहस का दूसरा पक्ष भी कम महत्वपूर्ण नहीं

इस पूरे घटनाक्रम में कुछ टिप्पणियां ऐसी भी हैं, जो इस विवाद की मूल वजह को सामने लाती हैं। कुछ यूजर्स का कहना है कि छठ पूजा का विरोध किसी को नहीं है, लेकिन स्थानीय तालाबों और पारंपरिक स्थलों की पहचान को बदलने या उन पर किसी एक पर्व का नाम थोपने का विरोध हो सकता है। वहीं कुछ लोगों ने सवाल किया कि छठ पूजा के आयोजन को लेकर आपत्ति जताने के बजाय सभी को एक-दूसरे की आस्था का सम्मान करना चाहिए।

एक यूजर ने छत्तीसगढ़ की परंपरा का जिक्र करते हुए लिखा कि यहां सभी त्योहारों का सम्मान किया जाता है, लेकिन दूसरे स्थानों पर जाकर अपने ही त्योहार को लेकर विवाद खड़ा करना उचित नहीं है। इस तरह कमेंट बॉक्स में छठ पूजा, स्थानीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और क्षेत्रीय पहचान से जुड़े कई अलग-अलग तर्क सामने आए।

सवाल पूजा का नहीं, एक-दूसरे की आस्था के सम्मान का है

मधुबाला गिरी का मामला हो या रश्मि साहू की पोस्ट, दोनों घटनाक्रम एक बड़ी सामाजिक बहस की ओर इशारा करते हैं। छत्तीसगढ़ में अलग-अलग राज्यों और समुदायों के लोग वर्षों से साथ रहते आए हैं। यहां छठ पूजा भी मनाई जाती है और हरेली, तीजा, पोला, कर्मा सहित स्थानीय पर्व भी अपनी सांस्कृतिक पहचान के साथ मनाए जाते हैं।

ऐसे में सवाल यह नहीं होना चाहिए कि कौन-सा त्योहार किस प्रदेश का है, बल्कि यह होना चाहिए कि एक-दूसरे की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक पहचान का सम्मान कैसे कायम रखा जाए। किसी त्योहार के समर्थन में खड़े होते हुए दूसरे प्रदेश या समाज का अपमान करना उचित नहीं है। उसी तरह स्थानीय परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान के सम्मान की मांग को भी किसी दूसरे समुदाय की आस्था के विरोध के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।

रश्मि साहू की पोस्ट पर आए कमेंट्स बताते हैं कि सोशल मीडिया पर यह बहस अभी थमी नहीं है। अब देखना होगा कि छठ पूजा से शुरू हुई यह बहस आपसी सम्मान और सद्भाव की दिशा में आगे बढ़ती है या क्षेत्रीय पहचान के नाम पर और तीखी होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *