उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दिवंगत आरक्षक के परिवार को सौंपा 1.08 करोड़ रुपए का बीमा चेक, पुत्र को मिली अनुकंपा नियुक्ति

chhattisgarh-deputy-cm-vijay-sharma-hands-over-insurance-cheque-martyr-constable-family
आर्टिकल अच्छा लगे तो शेयर करें

रायपुर: उप मुख्यमंत्री एवं गृह व जेल मंत्री विजय शर्मा ने महानदी भवन, नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) की 17वीं वाहिनी, कबीरधाम में पदस्थ रहे दिवंगत आरक्षक स्वर्गीय सोनवीर कुमार के परिवार को बड़ी आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने आरक्षक की पत्नी प्रीति देवी को बैंक ऑफ बड़ौदा की सैलरी पैकेज बीमा योजना के अंतर्गत 1 करोड़ 8 लाख रुपए की बीमा राशि का चेक सौंपा।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री शर्मा ने दिवंगत आरक्षक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपने सदस्य को खोने की क्षति अपूरणीय होती है, लेकिन ऐसी कठिन परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा की व्यवस्था परिवार को आगे बढ़ने का संबल प्रदान करती है।

22 दिसम्बर 2025 को हुआ था आकस्मिक निधन

स्वर्गीय सोनवीर कुमार छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 17वीं वाहिनी, कबीरधाम के अंतर्गत कैंप घाघरा में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे और उन्होंने पुलिस बल में 12 वर्षों से अधिक समय तक अपनी सेवाएं दी थीं।

  • आकस्मिक निधन: 22 दिसम्बर 2025 को गोली लगने की घटना में उनका आकस्मिक निधन हो गया था।
  • बीमा सहायता: परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा के सैलरी पैकेज के अंतर्गत उनकी पत्नी एवं नामिनी प्रीति देवी को 1 करोड़ 8 लाख रुपए की बीमा राशि प्रदान की गई है।
  • अनुकंपा नियुक्ति: इसके अतिरिक्त, शासन द्वारा उनके पुत्र दिवेश कुमार को बाल आरक्षक के रूप में अनुकंपा नियुक्ति भी प्रदान की जा चुकी है।

ये खबर भी पढ़ें – गांव-गांव तक पहुंची धान खरीदी की सुविधा, कोरजा के किसानों को मिली 8 किमी की दौड़ से मुक्ति

सही निवेश और शेष सहायता शीघ्र देने के निर्देश

उप मुख्यमंत्री शर्मा ने बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारियों से कहा कि बीमा राशि प्राप्त करने वाले परिवार को इसके सुरक्षित निवेश और समुचित वित्तीय प्रबंधन के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाए, ताकि यह राशि परिवार की दीर्घकालिक आर्थिक सुरक्षा और बच्चों के भविष्य के लिए उपयोगी साबित हो। साथ ही, उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दिवंगत आरक्षक के परिवार को शासन की ओर से देय शेष सहायता एवं अन्य सुविधाएं भी यथाशीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

नगर सैनिकों और अग्निशमन कर्मियों को भी मिल रहा बीमा सुरक्षा का लाभ

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश के पुलिसकर्मी बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं, इसलिए उनके परिवारों की सुरक्षा और कल्याण अत्यंत महत्वपूर्ण है।

  • छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा अपने अधिकारी-कर्मचारियों एवं उनके आश्रित परिवारों की आर्थिक सुरक्षा के उद्देश्य से विभिन्न बैंकों के साथ सैलरी पैकेज संबंधी समझौते किए गए हैं।
  • आकस्मिक मृत्यु अथवा दुर्घटना की स्थिति में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार आश्रित परिवारों को तत्काल बीमा सहायता प्रदान की जाती है।
  • इस बीमा सुरक्षा व्यवस्था का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। हाल ही में नगर सैनिकों (Home Guards) और फायर फाइटर्स (अग्निशमन कर्मियों) को भी सैलरी पैकेज बीमा योजना से जोड़ा गया है, ताकि आपदा प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं में कार्यरत जवानों के परिवारों को भी आर्थिक सुरक्षा का संबल मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *