वरिष्ठजनों के अनुभव और मार्गदर्शन से ही समाज को सही दिशा मिलती है। वे समाज की अनमोल धरोहर हैं और उनका आशीर्वाद नई पीढ़ी के लिए सबसे बड़ी पूंजी है। यह बात उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित छत्तीसगढ़ वरिष्ठ नागरिक कॉन्फेडरेशन के सातवें प्रादेशिक सम्मेलन-2026 में कही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि आज के तेजी से बदलते सामाजिक परिवेश में वरिष्ठ नागरिकों की भूमिका पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उनके जीवन का अनुभव, संस्कार और मार्गदर्शन समाज को मजबूती प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि उन्हें अनेक कार्यक्रमों में शामिल होने का अवसर मिलता है, लेकिन यह आयोजन उनके लिए खास है। यहां वे किसी को कुछ देने नहीं, बल्कि वरिष्ठजनों से आशीर्वाद, प्रेरणा और मार्गदर्शन लेने पहुंचे हैं।
विजय शर्मा ने परिवार और समाज में बुजुर्गों की अहमियत बताते हुए कहा कि जीवनभर के अनुभव के बाद वरिष्ठजन परिवार के लिए उस ब्याज की तरह होते हैं, जो मूलधन से भी अधिक प्रिय हो जाता है।
उन्होंने चिंता जताई कि पहले लोग एक साथ बैठकर बातचीत करते थे और सामाजिक मेलजोल को महत्व देते थे, लेकिन आज मोबाइल और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव ने आपसी संवाद को कम कर दिया है। ऐसे समय में वरिष्ठजनों के संस्कार और अनुभव समाज को फिर से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
30 लाख रुपये से बनेगा सियान सदन, बुजुर्गों को मिलेंगी खास सुविधाएं
विजय शर्मा ने कवर्धा के वरिष्ठ नागरिकों के लिए चल रहे एक महत्वपूर्ण निर्माण कार्य की जानकारी देते हुए बताया कि शहर में लगभग 30 लाख रुपये की लागत से सियान सदन तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस भवन का निर्माण वरिष्ठजनों के सुझाव और उनकी पसंद के स्थान पर कराया जा रहा है। सियान सदन बुजुर्गों के लिए आपसी मेलजोल, मनोरंजन और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का केंद्र बनेगा।
यहां वरिष्ठ नागरिक कैरम, शतरंज खेलने के साथ अध्ययन और अन्य गतिविधियों में समय बिता सकेंगे। इतना ही नहीं, वरिष्ठजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भविष्य में बैटरी से चलने वाले छोटे वाहन की व्यवस्था करने की भी योजना है।
इस व्यवस्था के तहत बुजुर्ग फोन करके वाहन बुला सकेंगे और अपने घर से सियान सदन तक आसानी से आ-जा सकेंगे।
मां के लिए हमेशा बच्चा रहता है बेटा
कार्यक्रम के दौरान विजय शर्मा ने पारिवारिक रिश्तों और बचपन की यादों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मां के लिए उसका बेटा उम्र में कितना भी बड़ा क्यों न हो जाए, वह हमेशा उसका छोटा बच्चा ही रहता है।
उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से अपील की कि वे अपने बचपन की खूबसूरत यादों को हमेशा संजोकर रखें। ऐसी यादें जीवन में खुशियां और आत्मिक सुकून देती हैं।
विजय शर्मा ने कवर्धा में सम्मेलन आयोजित करने पर आयोजकों को बधाई दी और सियान सदन का निर्माण पूरा होने के बाद वहां भी इसी तरह का सम्मेलन आयोजित करने के लिए वरिष्ठजनों को आमंत्रित किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत कबीरधाम अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, कॉन्फेडरेशन के प्रांतीय अध्यक्ष चंद्रप्रकाश देवरस, प्रांतीय महासचिव धनेश सोलंकी सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे वरिष्ठ नागरिक और गणमान्यजन मौजूद रहे। इस अवसर पर विजय शर्मा ने ‘अनुभूति’ पत्रिका का विमोचन भी किया।











Leave a Reply