राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ के शिल्पकारों का सम्मान, 50 कलाकारों से मिलीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

Chhattisgarh craftsmen honored at Rashtrapati Bhavan; President Draupadi Murmu met 50 artists
आर्टिकल अच्छा लगे तो शेयर करें

छत्तीसगढ़ की पारंपरिक कला और जनजातीय संस्कृति को सोमवार को देश के सर्वोच्च संवैधानिक संस्थान राष्ट्रपति भवन में खास पहचान मिली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ के कोंडागांव और रायगढ़ से पहुंचे 50 बेलमेटल शिल्पकारों से मुलाकात की। इस मुलाकात ने प्रदेश के उन कलाकारों का उत्साह बढ़ाया, जो पीढ़ियों से अपनी पारंपरिक कला और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने में जुटे हुए हैं।

राष्ट्रपति भवन में हुई इस विशेष मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा, जनजातीय संस्कृति और कलाकारों की बेमिसाल कारीगरी की झलक देखने को मिली। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत और सचिव राजेश सिंह राणा भी मौजूद रहे।

ये खबर भी पढ़ें —: पद्मश्री जगेश्वर यादव का अनोखा समर्पण! कोरवा-बिरहोरों के लिए खपा दिया पूरा जीवन, CM ने सुनाए जनजातीय समाज के चौंकाने वाले किस्से

राष्ट्रपति की इच्छा पर दिल्ली पहुंचे छत्तीसगढ़ के 50 शिल्पकार

दरअसल, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत कोंडागांव और रायगढ़ के बेलमेटल शिल्पकारों से मिलने की इच्छा जताई थी। इसी के बाद 50 कलाकारों का प्रतिनिधिमंडल नई दिल्ली पहुंचा और राष्ट्रपति से मुलाकात की।

यह मुलाकात उन कलाकारों के लिए बेहद खास रही, जिनकी कला केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही सांस्कृतिक पहचान है।

बस्तर की ढोकरा कला ने फिर खींचा देश का ध्यान

छत्तीसगढ़ की बेलमेटल कला, खासकर बस्तर की प्रसिद्ध ढोकरा शिल्पकला, अपनी अनूठी निर्माण शैली और बारीक कारीगरी के लिए देश-दुनिया में पहचान रखती है। धातु से देवी-देवताओं, पशु-पक्षियों, लोकजीवन और पारंपरिक आकृतियों को आकार देने वाले कलाकार अपनी कल्पनाशीलता और हुनर से अलग पहचान बनाते हैं।

कोंडागांव के शिल्पकार पीढ़ियों से इस पारंपरिक कला को संरक्षित कर रहे हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद इन कलाकारों ने अपनी मेहनत और कौशल से छत्तीसगढ़ की हस्तशिल्प कला को विशिष्ट पहचान दिलाई है।

राष्ट्रपति भवन तक पहुंची छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत

राष्ट्रपति भवन में देश के अलग-अलग हिस्सों के पारंपरिक कलाकारों और शिल्पकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलता रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के 50 बेलमेटल कलाकारों की राष्ट्रपति से मुलाकात प्रदेश की हस्तशिल्प परंपरा के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

यह मुलाकात इस बात का प्रमाण है कि छत्तीसगढ़ की पारंपरिक कला और जनजातीय विरासत राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना रही है। पीढ़ियों से अपने हुनर को जीवित रखने वाले इन कलाकारों के लिए राष्ट्रपति भवन तक पहुंचना निश्चित रूप से गर्व और सम्मान का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *