जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने महान जनजातीय नायक को नमन करते हुए देश की आजादी, आदिवासी समाज के अधिकारों और स्वाभिमान की रक्षा के लिए उनके संघर्ष और बलिदान को याद किया। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित जनजातीय वीथिका का भी अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय गौरव, स्वाभिमान और स्वतंत्रता संग्राम के महानायक थे। उन्होंने बेहद कम उम्र में अंग्रेजी हुकूमत के अन्याय और शोषण के खिलाफ जनजातीय समाज को एकजुट कर ऐतिहासिक उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया। जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष भारतीय इतिहास का गौरवशाली अध्याय है।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन हमें अपनी संस्कृति, परंपराओं और अधिकारों की रक्षा करने के साथ समाज एवं राष्ट्र के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित उनकी प्रतिमा विद्यार्थियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। इससे आने वाली पीढ़ियां जनजातीय नायकों के साहस, संघर्ष और बलिदान को करीब से जान सकेंगी।
जनजातीय वीथिका में दिखी वीर नायकों की गौरवगाथा
मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित जनजातीय वीथिका का निरीक्षण किया। यहां जनजातीय महापुरुषों के जीवन, संघर्ष, वीरता और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान से जुड़ी जानकारियां प्रदर्शित की गई हैं। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनजातीय वीर नायकों का साहस और बलिदान हमारी गौरवशाली विरासत का अमूल्य हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय वीथिका विद्यार्थियों और युवाओं को अपने महान नायकों के इतिहास, संस्कृति और योगदान से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। ऐसे प्रयास हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के लिए लगातार काम कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार का संकल्प है कि जनजातीय समाज का हर परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़कर खुशहाली और समृद्धि की ओर आगे बढ़े।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल एवं सुशांत शुक्ला, विश्वविद्यालय के कुलपति आलोक चक्रवाल, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।











Leave a Reply