छठ महापर्व पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कुनकुरी के लोगों को विकास की बड़ी सौगात दी है। जशपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने नगर पंचायत कुनकुरी में करीब 15 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन का निर्माण और छठ तालाब का विकास एवं सौंदर्यीकरण प्रमुख रूप से शामिल है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहर में धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित होंगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। छठ तालाब के विकास और सौंदर्यीकरण से श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता केवल सड़क और भवन बनाना नहीं, बल्कि नागरिकों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना भी है।
ये खबर भी पढ़ें —: बिलासपुर में भगवान बिरसा मुंडा को CM साय का नमन, प्रतिमा का किया भव्य अनावरण!
छठ तालाब पर खर्च होंगे 12 करोड़ से ज्यादा
कुनकुरी के छठ तालाब को आधुनिक और आकर्षक स्वरूप देने के लिए बड़े स्तर पर काम कराया जाएगा। इसके तहत 6 करोड़ 89 लाख 61 हजार रुपये की लागत से तालाब का रिज्युविनेशन और 5 करोड़ 17 लाख 2 हजार रुपये की लागत से विकास कार्य किए जाएंगे।
इन कार्यों के बाद तालाब परिसर में लोगों के टहलने के लिए पाथ-वे, बच्चों के लिए खेल मैदान और योगाभ्यास के लिए निर्धारित स्थान जैसी सुविधाएं विकसित होंगी। इससे छठ तालाब धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ मनोरंजन, स्वास्थ्य और पारिवारिक गतिविधियों का भी प्रमुख केंद्र बनेगा।
3.65 करोड़ से बनेगा मल्टीपर्पस हॉल
नगर पंचायत कुनकुरी के वार्ड क्रमांक-1 में 3 करोड़ 65 लाख 3 हजार रुपये की लागत से मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन का निर्माण किया जाएगा। इस भवन में सामाजिक समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामुदायिक आयोजन किए जा सकेंगे।
इससे स्थानीय कलाकारों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों को कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। साथ ही क्षेत्र की कला और सांस्कृतिक परंपराओं को भी बढ़ावा मिलेगा।
कुनकुरी के विकास को मिलेगी नई रफ्तार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार नगरीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से कुनकुरी की सुंदरता बढ़ेगी और नागरिकों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
छठ महापर्व के अवसर पर मिली इस विकास सौगात से कुनकुरीवासियों में उत्साह देखने को मिला। इस दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।











Leave a Reply